Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

प्रयागराज के सैलून में ताबड़तोड़ फायरिंग: शेविंग करा रहे युवक को गोलियों से भूना

प्रयागराज के अल्लापुर इलाके में गुरुवार शाम एक सैलून के अंदर शेविंग करा रहे 32 वर्षीय अरविंद पासी की बाइक सवार तीन हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी.

Prayagraj Salon Murder Youth Shot Dead While Shaving In Allapur Old Enmity

Prayagraj Crime: प्रयागराज के जॉर्ज टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत अल्लापुर इलाके में गुरुवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक सैलून के भीतर शेविंग करा रहे 32 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. बाइक पर सवार होकर आए तीन अज्ञात हमलावरों ने सैलून में घुसकर युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए.

गोलियों की आवाज से पूरे बाजार में अफरातफरी मच गई. खून से लथपथ युवक को स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

शादी समारोह में शामिल होने के लिए आया प्रयागराज

पुलिस के मुताबिक, यह वारदात अल्लापुर में बैंक के पास स्थित शेरू नाई के सैलून में हुई. मृतक की पहचान 32 वर्षीय अरविंद पासी के रूप में हुई है, जो अपनी मौसी के घर आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए प्रयागराज आया हुआ था.

शाम के समय जब वह सैलून की कुर्सी पर बैठकर शेविंग करा रहा था, तभी हमलावरों ने उसे निशाना बनाया. अरविंद पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था और उसके परिवार में पत्नी व नौ साल का एक बेटा है. हत्या की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.

साजन मेहर हत्याकांड की गवाही से जुड़ रहे तार

इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश की प्रबल आशंका जताई जा रही है. जानकारी सामने आई है कि 26 सितंबर 2025 को अल्लापुर में साजन मेहर नामक युवक की ईंट से कूचकर हत्या कर दी गई थी.

अरविंद पासी उस हत्याकांड का अहम गवाह था और मजबूती से मुकदमे की पैरवी भी कर रहा था. पुलिस को शक है कि इसी गवाही और रंजिश के चलते बदमाशों ने उसकी रास्ते से हटाने की साजिश रची. फिलहाल पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.

यह भी पढ़ें: पंचायत चुनाव में अभी और इंतजार: योगी सरकार ने ग्राम प्रधानों को फिर 6 महीने के लिए बनाया प्रशासक

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism