Gwalior Prisoner Medical Negligence
Gwalior Prisoner Medical Negligence: ग्वालियर सेंट्रल जेल में बंद कैंसर पीड़ित कैदी को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के एम्स अस्पताल रेफर किया गया था. जेल प्रशासन ने पुलिस से कई बार गार्ड उपलब्ध कराने की मांग की, लेकिन पुलिस ने इस पर ध्यान नहीं दिया. मामले में हाईकोर्ट की नाराजगी के बाद एसएसपी ने रक्षित निरीक्षक और एक आरक्षक को निलंबित कर दिया.
गंभीर हालत में बंदी को किया था दिल्ली रेफर
ग्वालियर की सेंट्रल जेल में बंद कैंसर पीड़ित बंदी नरहरि पुत्र राम भरोसे निवासी सीहोर, जिला शिवपुरी लंबे समय से बीमारी से जूझ रहा था. उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे ग्वालियर के अस्पताल में उपचार और जांच के लिए भेजा गया था. यहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल रेफर कर दिया. इसके बाद बंदी को दिल्ली ले जाने के लिए पुलिस गार्ड की जरूरत थी, लेकिन समय पर गार्ड उपलब्ध नहीं हो सका.
जेल प्रशासन ने कई बार लिखे पत्र, नहीं मिली मदद
बंदी को दिल्ली पहुंचाने के लिए केंद्रीय जेल प्रशासन ने रक्षित निरीक्षक रंजीत सिंह सिकरवार को कई बार पत्र लिखकर पुलिस गार्ड उपलब्ध कराने की मांग की थी. इसके बावजूद रक्षित केंद्र पुलिस लाइन से कोई गार्ड नहीं भेजा गया. इस लापरवाही के चलते गंभीर बीमारी से जूझ रहे बंदी को समय पर बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाने की व्यवस्था नहीं हो सकी. जेल प्रशासन की ओर से लगातार पत्राचार किए जाने के बाद भी पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया.
हाईकोर्ट की नाराजगी के बाद एसएसपी ने की कार्रवाई
मामला हाईकोर्ट तक पहुंचने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए. हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने इस मामले में कड़ी नाराजगी जताई और ग्वालियर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के लिए तलब किया. कोर्ट के समक्ष पेश हुए एसएसपी ने पूरे मामले की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस विभाग ने लापरवाही के मामले में कार्रवाई करते हुए रक्षित निरीक्षक रंजीत सिंह सिकरवार और आरक्षक देवेंद्र भदौरिया को निलंबित कर दिया.
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
गंभीर बीमारी से पीड़ित बंदी को इलाज के लिए समय पर पुलिस सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराने का मामला पुलिस की जिम्मेदारी और संवेदनशीलता पर सवाल खड़े करता है. खासकर तब, जब जेल प्रशासन की ओर से कई बार लिखित अनुरोध किया गया था. हाईकोर्ट की सख्ती के बाद हुई निलंबन की कार्रवाई से स्पष्ट है कि मामले को विभाग ने गंभीरता से लिया है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


