Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

क्या चीन के दबाव में नितिन नवीन ने पाकिस्तान को दिया था SCO का न्योता? जानें क्या है चंडीगढ़ के भाषण का सच

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा था कि बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने चीन के दबाव में पाकिस्तान को SCO न्योता देने की बात कही है. लेकिन इसकी कहानी कुछ और ही है.

Viral Video Of BJP Chief Nitin Nabin Claiming Pakistan Invited Under Chinese Pressure Is AI Generated And Fake

सोशल मीडिया पर इन दिनों बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे कथित तौर पर यह दावा करते दिख रहे हैं कि चीन के दबाव में आकर भारत ने पाकिस्तान को एससीओ (SCO) सम्मेलन में बुलाया. वायरल क्लिप में कथित तौर पर 200 किलोमीटर जमीन पर कब्जे, किसी समझौते और तेजस मार्क-1A के इंजन का भी जिक्र किया गया है. इसे शेयर करते हुए कई यूजर्स लिख रहे हैं कि भारत चीन के दबाव में है.

क्या है वायरल वीडियो की हकीकत?

20 से 22 नवंबर 2026 के बीच नई दिल्ली में हुए SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक शामिल हुए थे, जिस पर विपक्ष ने सवाल भी उठाए थे. इसी माहौल का फायदा उठाकर यह फर्जी वीडियो फैलाया गया.

जब वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स सर्च किया गया, तो 22 नवंबर 2026 को न्यूज एजेंसी ANI का एक एक्स पोस्ट सामने आया. इस पोस्ट का दृश्य और बैकग्राउंड वायरल वीडियो से मेल खाता था, लेकिन यह चंडीगढ़ के एक कार्यक्रम का वीडियो था. वहां नितिन नवीन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 25 साल पूरे होने, भारत की आर्थिक प्रगति, वर्ल्ड बैंक, एडीबी और IMF के आंकड़ों तथा राहुल गांधी पर टिप्पणी कर रहे थे. 22 नवंबर को ही भाजपा के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर लाइव स्ट्रीम हुए उनके पूरे संबोधन में भी ऐसा कोई बयान नहीं मिला, जैसा वायरल क्लिप में सुनाई दे रहा है.

वहीं, जांच के दौरान वायरल वीडियो में कई तकनीकी खामियां नजर आईं. नितिन नवीन की आवाज बदली हुई सी लगी और कई फ्रेम में माइक्रोफोन का आकार बदलता हुआ दिखाई दिया. जब इस क्लिप की जांच डिटेक्शन टूल से की गई, तो उसने इसे एआई जनरेटेड करार दिया.

इसके अलावा, बीजेपी ने भी 23 नवंबर को अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर इस वीडियो को फर्जी बताया और साफ किया कि नितिन नवीन ने SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में पाकिस्तान को न्योता देने को लेकर ऐसा कोई बयान नहीं दिया है.

इस जांच से साफ है कि चीन के दबाव में पाकिस्तान को बुलाने से जुड़ा नितिन नवीन का यह वायरल वीडियो पूरी तरह फर्जी और एआई जनरेटेड है. असली वीडियो चंडीगढ़ के एक कार्यक्रम का है, जिसे तोड़-मरोड़कर और बदलकर भ्रामक दावे के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: क्या नशे में विमान की सीढ़ियों पर गिरे पंजाब के सीएम भगवंत मान? जानिए वायरल वीडियो का सच

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism