Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

‘भगवान मुरुगन की जय हो’, दीपम विवाद पर सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद पीएम मोदी का बड़ा संदेश

तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम मंदिर के कार्तिगई दीपम विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान मुरुगन के जयघोष ‘वेट्रिवेल मुरुगनक्कु अरोगरा’ की पोस्ट साझा की.

पीएम मोदी की मुरुगन पर पोस्ट

PM Modi Post On Lord Murugan Deepam Row: तमिलनाडु के मदुरै स्थित प्रसिद्ध अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर (भगवान मुरुगन को समर्पित) से जुड़े कार्तिगई दीपम विवाद पर सुप्रीम कोर्ट के सख्त रुख के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने सियासी और धार्मिक हलकों में हलचल तेज कर दी है. बुधवार को पीएम मोदी ने तमिल का प्रसिद्ध जयघोष ‘वेट्रिवेल मुरुगनक्कु अरोगरा’ (भगवान मुरुगन की जय / विजय हो भगवान मुरुगन को) पोस्ट किया, जिसे उन्होंने अंग्रेजी और हिंदी लिपि में भी साझा किया.

हालांकि पीएम मोदी ने अपनी पोस्ट में कोई अतिरिक्त विवरण नहीं दिया, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आदेश के महज कुछ घंटों बाद आए इस संदेश के गहरे राजनीतिक और सांस्कृतिक मायने निकाले जा रहे हैं.

सुप्रीम कोर्ट की तमिलनाडु सरकार को कड़ी फटकार

इससे ठीक पहले सुप्रीम कोर्ट ने कार्तिगई दीपम विवाद मामले में तमिलनाडु सरकार पर अपने आदेश की अवमानना का आरोप लगाते हुए बेहद कड़ी टिप्पणी की. शीर्ष अदालत ने 20 नवंबर को दिए गए अपने निर्देश का पालन न होने पर गहरी नाराजगी जताई, जिसमें 24 नवंबर को तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून पत्थर के खंभे पर कार्तिगई दीपम जलाने का आदेश दिया गया था.

क्यों भड़का विवाद और किन अफसरों पर गिरेगी गाज?

तमिलनाडु सरकार ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए दीपथून खंभे के बजाय पारंपरिक स्थान यानी उच्चि पिल्लयार मंदिर के पास दीप मंडपम पर ही दीपम प्रज्वलित किया. इस पर सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार और मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड ने सामूहिक रूप से अदालत के निर्देशों का उल्लंघन किया है.

कोर्ट ने जिला कलेक्टर, एचआरएंडसीई (HR&CE) विभाग के अधिकारियों, पुलिस कमिश्नर और मंदिर बोर्ड के सदस्यों के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई शुरू करने के आधार पाते हुए सभी को 15 दिसंबर को अदालत में पेश होने का आदेश दिया है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism