CM योगी ने गोरखपुर में लगाया जनता दरबार (इमेज-IANS)
CM Yogi In Gorakhpur: उत्तर प्रदेश में जमीन पर अवैध कब्जे और कमजोर लोगों को उजाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर में जनता दर्शन के दौरान अधिकारियों को यह निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों को बख्शा नहीं जाए. जनता की हर समस्या का समाधान सरकार की प्राथमिकता है.
शनिवार शाम गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर में रात्रि प्रवास किया. रविवार सुबह मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने जनता दर्शन का आयोजन हुआ. यहां मुख्यमंत्री ने अलग-अलग जिलों से आए करीब 150 लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं.
जमीन कब्जाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश
जनता दर्शन में जमीन पर कब्जे से जुड़ी कुछ शिकायतें भी पहुंचीं. इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि ऐसे मामलों की जांच कराई जाए और अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो. उन्होंने कमजोर लोगों को उजाड़ने वालों पर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए.
हालांकि, जमीन से जुड़े पारिवारिक विवादों को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अलग तरीका अपनाने को कहा. उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में बातचीत के जरिए समस्या सुलझाने की कोशिश होनी चाहिए. साथ ही न्यायपूर्ण तरीके से परिवार के सदस्यों की हिस्सेदारी तय कराई जाए.
इलाज के लिए आर्थिक मदद का भरोसा
जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने भी पहुंचे थे. मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि इलाज के लिए सरकार की ओर से भरपूर मदद की जाएगी.
उन्होंने अधिकारियों को संबंधित लोगों के प्रार्थना पत्र सौंपते हुए निर्देश दिया कि इलाज के खर्च का एस्टीमेट तैयार करने की प्रक्रिया जल्द पूरी कराई जाए. इसके बाद प्रस्ताव शासन को उपलब्ध कराया जाए, ताकि जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिल सके.
गोशाला में गोवंश को अपने हाथों से खिलाया गुड़
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ के दर्शन-पूजन किए. इसके बाद उन्होंने अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर जाकर मत्था टेका.
ये भी पढ़ें- रामगढ़ हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए गोशाला भी पहुंचे. वहां उन्होंने कुछ समय बिताया और गोवंश को दुलारते हुए अपने हाथों से गुड़ खिलाया. इस दौरान एक गोवंश को गुड़ खिलाने के बाद उन्होंने प्यार से कहा ‘हो गया न, और खाएगा.’
(IANS के इनपुट पर आधारित)
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



