पीएम मोदी ने मन की बात में नशा मुक्ति अभियान का किया जिक्र (इमेज-IANS)
PM Modi: रविवार को मन की बात के 140वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि आज नशा हमारे युवाओं के सपनों के रास्ते की बड़ी रुकावट बनता जा रहा है.
कार्यक्रम की शुरुआत ही पीएम मोदी ने इसी मुद्दे से की. उन्होंने कहा कि मन की बात सिर्फ कामयाबी की कहानियां सुनाने की जगह नहीं है. बल्कि समाज के सामने खड़ी मुश्किलों पर बात करने की है. उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति अभियान लोगों को जगाने का जरिया है. उन्होंने सबसे पहले नशे की लत का जिक्र किया.
पीएम ने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत के युवाओं की काबिलियत की बात हो रही है. बच्चे-जवान बड़े सपने देख रहे हैं और उन्हें पूरा करने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं. लेकिन ड्रग्स इन सपनों को कमजोर कर रहा है.
बदल रहा है माहौल
इस बीच पीएम मोदी ने एक अच्छी बात का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अब समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता और सक्रियता पहले से ज्यादा दिख रही है. नशा मुक्त युवा अभियान भी तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि ऐसे कई नौजवान सामने आए हैं जिन्होंने खुद की ताकत और इच्छाशक्ति के दम पर नशे को मात दी. मुश्किल हालात और खुद की कमजोरी से लड़कर उन्होंने अपनी जिंदगी को नई राह दी.
नशे से निकलकर नई शुरुआत करने वाले युवा से बात
कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने एक ऐसे ही नौजवान से बात की. युवक ने हिम्मत जुटाकर नशे की आदत छोड़ी और अपनी जिंदगी दोबारा पटरी पर लाया. पीएम ने उससे कहा कि दोस्त, तुम्हें फिर से बहुत-बहुत बधाई कि तुम इस खतरनाक लत से बाहर निकल आए. तुमने यह साबित कर दिखाया है कि अगर मन में पक्की इच्छाशक्ति हो तो कोई भी लक्ष्य नामुमकिन नहीं रहता.
ये भी पढ़ें- मन की बात: पीएम मोदी ने सैफ चैंपियनशिप जीतने पर भारतीय फुटबॉल टीम को सराहा
पीएम ने आगे कहा कि उसकी कहानी सुनकर उन हजारों युवाओं को ताकत मिलेगी, जो नशा छोड़ना तो चाहते हैं लेकिन हिम्मत नहीं जुटा पा रहे. उन्होंने कहा कि परिवार और देश दोनों के लिए यह बेहद जरूरी है कि युवा पीढ़ी नशे से बची रहे और उस युवा को आगे के लिए ढेरों शुभकामनाएं दीं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




