Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

Imran Khan: इमरान खान की गिरफ्तारी गैरकानूनी, पाक सुप्रीम कोर्ट ने तुरंत रिहाई के दिए आदेश

Imran Khan: कोर्ट ने कहा कि एजेंसी ने अदालत परिसर में प्रवेश कर और रजिस्ट्रार की अनुमति के बिना खान को गिरफ्तार कर अदालत की अवमानना की है.

Pakistan

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान

Imran Khan: पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान को बड़ी राहत मिली है. सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को सुनवाई के दौरान उन्हें तत्काल रिहा करने का आदेश दिया. पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान की गिरफ्तारी के मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई. हाई कोर्ट ने इमरान खान की गिरफ्तारी को सही ठहराया था, जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट में इस मामले पर सुनवाई हुई.

सुप्रीम कोर्ट ने एक घंटे के भीतर इमरान खान को पेश करने के आदेश दिए थे, जिसके बाद पुलिस उन्हें लेकर अदालत पहुंची. सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान की गिरफ्तारी को गैरकानूनी बताया. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि पाकिस्तान को जेल नहीं बनने देंगे, ये भविष्य के लिए उदाहरण पेश करने का वक्त है. सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट परिसर से इमरान खान की गिरफ्तारी पर नाराजगी जताई.

कोर्ट ने कहा कि एजेंसी ने अदालत परिसर में प्रवेश कर और रजिस्ट्रार की अनुमति के बिना खान को गिरफ्तार कर “अदालत की अवमानना” की है. चीफ जस्टिस ने सवाल किया, “अगर 90 लोग (रेंजर्स) परिसर में प्रवेश कर जाते हैं तो अदालत की क्या गरिमा रह जाती है? अदालत परिसर से किसी व्यक्ति को कैसे गिरफ्तार किया जा सकता है?”

उन्होंने कहा, “विगत में, अदालत के अंदर तोड़फोड़ को लेकर वकीलों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. अगर किसी व्यक्ति ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया है, तो उसे गिरफ्तार करने का क्या मतलब है?” उन्होंने कहा कि एनएबी ने “अदालत की अवमानना” की है. उन्होंने कहा, “गिरफ्तारी से पहले ब्यूरो को अदालत के रजिस्ट्रार से अनुमति लेनी चाहिए थी. अदालत के कर्मचारियों के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया.”

कोर्ट ने इमरान खान की रिहाई के आदेश देते हुए उन्हें परिवार से मिलने की इजाजत दी. आज रात इमरान खान पुलिस लाइंस गेस्ट हाउस में रहेंगे. सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान को शुक्रवार को हाई कोर्ट जाने के आदेश दिए हैं.

ये भी पढ़ें: इमरान खान की गिरफ्तारी पर बिगड़ा PAK सुप्रीम कोर्ट, 1 घंटे के भीतर पेश करने का निर्देश, कहा- NAB ने अदालत की अवमानना की

पाकिस्तान के मंत्री भड़के

दूसरी तरफ, सुप्रीम कोर्ट में हो रही सुनवाई के बीच पाकिस्तान के सूचना मंत्री मरियम औरगज़ेब ने अदालत पर ही सवाल उठाए हैं. मरियम औरगज़ेब ने कहा, “जिन्ना हाउस पर हमला किया गया, मंडी में तोड़फोड़ और आगजनी हुई. लेकिन आज सुप्रीम कोर्ट इमरान खान का पक्ष ले रहा है.” उन्होंने कहा कि इमरान खान को राहत देते हुए सुप्रीम कोर्ट आतंकवादी का समर्थन कर रहा है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital