ब्रिटेन के कुम्ब्रिया (Cumbria) क्षेत्र के समुद्री तटों पर इन दिनों दहशत का माहौल है. हाल ही में आए तेज तूफानों के बाद समुद्र की लहरों के साथ एक बेहद जहरीला पौधा बहकर किनारे पर आ गया है. यह पौधा इतना खतरनाक है कि प्रशासन ने लोगों को इसे छूने तक से मना किया है. कोस्टगार्ड के मुताबिक, यह करीब 20 मील लंबे इलाके में फैला हुआ है, जिससे स्थानीय निवासियों और पर्यटकों के बीच हड़कंप मच गया है.
क्या है यह ‘डेड मैन’स फिंगर्स’?
इस रहस्यमयी और घातक पौधे का नाम ‘हेमलॉक वॉटर ड्रॉपवर्ट’ (Hemlock Water Dropwort) है. स्थानीय लोग इसे ‘डेड मैन’स फिंगर्स’ (मरे हुए इंसान की उंगलियां) भी कहते हैं, क्योंकि इसकी जड़ें देखने में अजीबोगरीब और उंगलियों जैसी प्रतीत होती हैं. यह पौधा आमतौर पर नदियों के किनारे उगता है, लेकिन खराब मौसम के कारण यह टूटकर समुद्र में जा गिरा और अब तटों पर जमा हो रहा है.
इस पौधे की सबसे डरावनी बात यह है कि इसकी जड़ें बिल्कुल ‘पार्सनिप’ (एक तरह की सब्जी) जैसी दिखाई देती हैं. इतना ही नहीं, इसमें से आने वाली खुशबू भी अजमोद (Parsley) की तरह होती है. इसी वजह से लोग अक्सर इसे खाने की चीज समझकर धोखा खा जाते हैं. मिलम कोस्टगार्ड रेस्क्यू टीम ने चेतावनी दी है कि इसे सब्जी समझने की गलती जानलेवा साबित हो सकती है.
कैसे काम करता है इसका जहर?
वैज्ञानिकों के अनुसार, इस पौधे की सफेद जड़ों में ‘ओएनैंथोटॉक्सिन’ (Oenanthotoxin) नाम का खतरनाक जहर होता है. यह जहर सीधे इंसान के नर्वस सिस्टम (तंत्रिका तंत्र) पर हमला करता है. अगर कोई व्यक्ति गलती से इसका छोटा सा हिस्सा भी खा ले, तो शरीर में तेज झटके और ऐंठन शुरू हो जाती है. इलाज न मिलने पर कुछ ही घंटों के भीतर दम घुटने से व्यक्ति की मौत हो सकती है.
जानवरों के लिए भी बड़ा जोखिम
प्रशासन ने न केवल इंसानों बल्कि पालतू जानवरों, खासकर कुत्तों को लेकर भी चिंता जताई है. अक्सर बीच पर टहलते समय कुत्ते ऐसी चीजों को मुंह में दबा लेते हैं. यह जहर जानवरों के लिए भी उतना ही घातक है. कोस्टगार्ड ने सलाह दी है कि ड्रिग और पार्टन के बीच के तटों पर जाते समय अपने बच्चों और पालतू जानवरों का खास ख्याल रखें और किसी भी अज्ञात जड़ या पौधे से दूरी बनाए रखें.
ये भी पढ़ें: खतरनाक है फास्टफूड का ‘चस्का’! अमरोहा की अहाना की मौत ने सबको डराया, आंतों में छेद देख डॉक्टर भी रह गए दंग
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


