Amroha Girl Fast Food Death: गरमा गरम समोसे, बर्गर और पिज्जा का नाम सुनते ही जीभ अपने आप हरकत में आ जाती है. चटपटा और मन को भा जाने वाले इन फास्टफूड की आदत कब लत बन जाती है पता भी नहीं चलता. लेकिन क्या हो जब यहीं लत हमारी जान की दुश्मन बन जाए, इसका शायद किसी ने अंदाजा भी नहीं लगाया होगा. ऐसी ही एक खबर अमरोहा से सामने आई है. जहां फास्टफूड की शौकीन 16 साल की 11वीं की छात्रा की गंभीर बीमारी की वजह से मौत हो गई. डॉक्टरों के अनुसार फास्टफूड ज्यादा खाने की वजह से छात्रा अहाना का शरीर खोखला हो गया. आंतों में छेद होने की वजह से मात्र 16 साल की उम्र में उसकी मौत हो गई.
अहाना का दिल्ली एम्स में इलाज कराया गया, फिर भी उसे बचाया नहीं जा सका. फास्टफूड खाने से इतनी कम उम्र में एक होनहार बच्ची की मौत ने कई बड़े सवाल खड़े कर दिये हैं. आखिर क्या है पूरा मामला आइये बताते हैं.
ये भी पढ़ें- खून से लथपथ बलूचिस्तान! 2025 में 450 से ज्यादा मौतें, क्या गृहयुद्ध की ओर बढ़ रहा है पाकिस्तान?
फास्टफूड का शौक पड़ा भारी
दरअसल फास्टफूड खाने की शौकीन अहाना अमरोहा नगर के मोहल्ला अफगानान निवासी मंसूर खान की बेटी थी. मंसूर खान खेती-किसानी करके परिवार का पालन पोषण करते हैं. उनको एक बेटा और दो बेटियां हैं. सबसे छोटी बच्ची अहाना अमरोहा के ही हाशमी गर्ल्स इंटर कॉलेज में 11वीं में पढ़ती थी. परिजनों का कहना है कि अहाना को फास्टफूड खाने का बेहद शौक था. वह लाख मना करने के बाद भी पिज्जा-बर्गर और चाऊमीन जैसे फास्टफूड बेहद चाव से खाती थी. इसी बीच सितंबर महीने में उसकी तबीयत बिगड़ गई.
आंतों में हो गए थे छेद
पेट दर्द की शिकायत होने पर उसे मुरादाबाद में अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसके आंत चिपक गए हैं और उसमें छेद हो गए हैं. डॉक्टरों के मुताबिक आंत खराब होने का कारण फास्टफूड था.
हार्ट फेल होने से हुई मौत
तबीयत खराब होने के बाद अहाना लगातार कमजोर होती चली गई. 4 दिन पहले उसकी तबीयत दोबारा खराब हो गई. जिसके बाद उसे परिजनों ने दिल्ली एम्स में भर्ती कराया. जहां पहले तो उसकी स्थिति में सुधार हुआ, लेकिन फिर अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई और हार्ट फेल होने की वजह से उसकी मौत हो गई.
परिजनों के मुताबिक उसका एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन कराया गया था, लेकिन तबियत में कोई सुधार नहीं हुआ. जिसके बाद उसे एम्स में भर्ती कराया गया. जहां रविवार की रात उसकी मौत हो गई.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


