Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

इलाज कराने आए मरीज पर गिरा छत का पंखा! दिल्ली के सरकारी अस्पताल में ये क्या हुआ?

दिल्ली के जीटीबी अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीज पर छत का पंखा गिरने के बाद उसकी मौत हो गई. अस्पताल प्रशासन ने मौत का कारण गंभीर बीमारियां बताया, जबकि परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाकर जांच की मांग की है.

देश की राजधानी दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था और सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था पर एक बार फिर से बेहद शर्मनाक और हैरान कर देने वाला सवाल खड़ा हो गया है. दरअसल दिलशाद गार्डन स्थित गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में भर्ती एक मरीज के साथ ऐसा हादसा हुआ जिसने पूरे सिस्टम की पोल (Delhi GTB Hospital Fan Accident) खोलकर रख दी. अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे 42 वर्षीय मोहम्मद अकबर के बेड पर अचानक छत से चलता हुआ पंखा आ गिरा.

इस खौफनाक हादसे के महज तीन घंटे बाद ही मरीज ने दम तोड़ दिया. सोशल मीडिया पर अस्पताल के जर्जर हालात और इस घटना के वीडियो वायरल होने के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा है और लोग दिल्ली के सरकारी इंफ्रास्ट्रक्चर पर तीखे सवाल उठा रहे हैं

 

जानिए क्या है पूरा मामला?(Delhi GTB Hospital Fan Accident)

जानकारी के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जीटीबी अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड नंबर 27 में मोहम्मद अकबर पिछले दो-तीन दिनों से भर्ती थे और उनका इलाज चल रहा था. शनिवार रात करीब 9:30 बजे जब नर्सिंग स्टाफ उन्हें दवा दे रहा था, तभी अचानक छत में लगा भारी-भरकम सीलिंग फैन सीधे उखड़कर अकबर के पेट और शरीर पर गिर पड़ा.

इस हादसे के बाद वार्ड में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि मौके पर मौजूद स्टाफ ने तुरंत उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन हादसे के ठीक तीन घंटे बाद रात करीब 12:16 बजे मरीज की मौत हो गई.

अस्पताल प्रशासन की सफाई में क्या?

घटना के बाद उठे भारी बवाल के बीच अस्पताल प्रशासन अपना बचाव करता नजर आ रहा है. अस्पताल सूत्रों का दावा है कि मरीज मोहम्मद अकबर पहले से ही हाइपरटेंशन, मेनिंगोएन्सेफलाइटिस और गंभीर निमोनिया जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे और उनकी मौत इन्हीं पुरानी बीमारियों के कारण हुई है. प्रशासन का कहना है कि पंखा गिरने की घटना में उन्हें कोई जानलेवा चोट नहीं आई थी.

हादसे (Delhi GTB Hospital Fan Accident) के तुरंत बाद पीडब्ल्यूडी (PWD) की टीम को बुलाकर पंखे की मरम्मत करा दी गई, लेकिन सवाल यह उठता है कि एक मरीज के बेड पर छत से भारी पंखा गिर जाना ही अस्पताल की कितनी बड़ी नाकामी और लापरवाही को दर्शाता है.

ये भी पढ़ें-जेपी नड्डा से मिलने पहुंचे CJP के प्रवक्ता, सड़कों पर बवाल मचाने के बाद बातचीत की टेबल पर ‘कॉकरोच’?

परिजनों और चश्मदीदों का भारी हंगामा

रविवार सुबह अस्पताल पहुंचे मृतक के परिजनों और वार्ड में मौजूद अन्य मरीजों तीखे आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया. चश्मदीदों का कहना है कि इमरजेंसी वार्ड के ज्यादातर एसी खराब पड़े हैं और पंखे भी बेहद जर्जर हालत में झूल रहे हैं. परिजनों का आरोप है कि अगर अस्पताल में बुनियादी रखरखाव और सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा जाता, तो अकबर की जान इस तरह अचानक न जाती. परिजनों ने लापरवाही बरतने वाले अस्पताल प्रशासन और मेंटेनेंस विभाग के खिलाफ उच्च स्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital