Bharat Express DD Free Dish

फेमस होने का ‘चस्का’: महिला इन्फ्लुएंसर ने खुद की किडनैपिंग का रचा नाटक, बेगुनाह पति को बदमाशों से बुरी तरह पिटवाया!

ब्राजील की 27 वर्षीय इन्फ्लुएंसर मोनिकी फ्रागा ने फेमस होने के लिए अपनी ही किडनैपिंग का नाटक रचा. पुलिस जांच में पता चला कि उन्होंने पति को भी धोखे में रखकर बदमाशों से पिटवाया था. अब वह गिरफ्तार हैं.

influencer-monniky-fraga-fake-kidnapping-drama-brazil-arrested viral

Viral: सोशल मीडिया पर ‘लाइक्स’ और ‘फॉलोअर्स’ की भूख इंसान को किस हद तक ले जा सकती है, इसका एक रोंगटे खड़े कर देने वाला उदाहरण ब्राजील से सामने आया है. यहां एक 27 साल की मशहूर इन्फ्लुएंसर ने अपनी फैन फॉलोइंग बढ़ाने के लिए ऐसी फिल्मी पटकथा लिखी, जिसमें उन्होंने न केवल खुद के अपहरण (Kidnapping) का ड्रामा रचा, बल्कि अपने ही पति को बदमाशों के हाथों बुरी तरह पिटवा भी दिया. जब पुलिस ने मामले की परतें खोलीं, तो खुद पति के भी पैरों तले जमीन खिसक गई.

रोते हुए वीडियो ने मचाया हंगामा

ये पूरा मामला ब्राजील की रहने वाली मोनिकी फ्रागा (Monniky Fraga) का है. पिछले साल अप्रैल में मोनिकी ने सोशल मीडिया पर एक बेहद इमोशनल वीडियो शेयर किया था, जिसमें वो फूट-फूटकर रोती नजर आ रही थीं. वीडियो में उन्होंने दावा किया कि तीन हथियारबंद बदमाशों ने उनका और उनके पति लुकास का अपहरण कर लिया है. रिपोर्ट के अनुसार, मोनिकी ने वीडियो में बड़ी ही मासूमियत से बताया कि बदमाश उन्हें घसीटते हुए जंगल ले गए, जहां उन्हें घंटों बंधक बनाकर रखा गया और जान से मारने की धमकी दी गई.

इतना ही नहीं, मोनिकी ने कहानी में मिर्च-मसाला लगाते हुए यहां तक कहा कि बदमाशों ने उनके पति लुकास की बेरहमी से पिटाई की और उन्हें छोड़ने के बदले भारी फिरौती की मांग की. उन्होंने वीडियो में सिसकते हुए कहा, “मुझे लगा वो मुझे मारकर नदी में फेंक देंगे, मैं सिर्फ अपने बच्चों के बारे में सोच रही थी.”

पुलिस की जांच, फिर खुला पोल

शुरुआत में तो इस वीडियो को देखकर हर किसी की रूह कांप गई और लोगों ने मोनिकी के साथ खूब सहानुभूति दिखाई. लेकिन जब पुलिस ने मामले की गहराई से तफ्तीश शुरू की, तो कहानी में झोल नजर आने लगा. जांच अधिकारी क्ले एंडरसन ने जब कड़ियां जोड़ीं, तो पता चला कि ये कोई असली किडनैपिंग नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी. पुलिस को पुख्ता सबूत मिले कि मोनिकी न केवल कथित किडनैपर्स के लगातार संपर्क में थीं, बल्कि पूरी स्क्रिप्ट उन्होंने ही लिखी थी.

पति को भी नहीं थी भनक

इस खुलासे के बाद सबसे ज्यादा धक्का मोनिकी के पति लुकास को लगा. लुकास को सच में लग रहा था कि उन पर हमला हुआ है और उनकी जान खतरे में है. पुलिस की जांच में लुकास बेगुनाह पाए गए हैं, क्योंकि उन्हें इस ड्रामे के बारे में रत्ती भर भी जानकारी नहीं थी. पुलिस के अनुसार, मोनिकी के इस काम में मदद करने वाला एक साथी पहले से जेल में है, एक की मौत हो चुकी है और तीसरे की तलाश जारी है.

महंगा पड़ा ‘फेम’ का शॉर्टकट

वायरल होने और व्यूज बटोरने के लिए लोग कुछ भी करने को तैयार हैं, लेकिन मोनिकी के लिए यह शॉर्टकट जेल की सलाखों तक ले गया. पुलिस ने उन्हें झूठी किडनैपिंग की साजिश रचने और पुलिस को गुमराह करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि, अब मोनिकी खुद को बेगुनाह बताते हुए बच्चों की दुहाई देकर रिहाई की मांग कर रही हैं, लेकिन कानून के पास उनके हर झूठ का जवाब तैयार है.

ये भी पढ़ें: ‘जमीन वाला फ्रिज’: न ही बिजली न ही कोई मशीन फिर भी घंटो ताजा रहता है दूध

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read