Bharat Express DD Free Dish

CARS24 के खिलाफ सोशल मीडिया पर शिकायतों की बाढ़, Inspection से Refund तक ग्राहकों की शिकायतों की लंबी फेहरिस्त

CARS24 CONSUMER BACKLASH: पुरानी कारों की खरीद-बिक्री के प्रमुख ऑनलाइन प्लेटफॉर्म CARS24 के खिलाफ सोशल मीडिया पर शिकायतों की बाढ़ आ गई है. ग्राहकों ने वाहन इंस्पेक्शन, रिफंड कटौतियों, ओडोमीटर छेड़छाड़, आरसी ट्रांसफर में 10 महीने तक की देरी और इंश्योरेंस बिलिंग को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं.

cars24
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

नई दिल्ली: पुरानी कारों की खरीद-बिक्री के लिए देशभर में बड़ा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बन चुकी CARS24 के खिलाफ सोशल मीडिया पर ग्राहकों की शिकायतों की लंबी फेहरिस्त सामने आई है, अलग-अलग ग्राहकों ने कंपनी की Inspection व्यवस्था, कार की वास्तविक स्थिति, Refund, Auction, RC Transfer, Warranty, Insurance और Customer Support को लेकर गंभीर शिकायतें दर्ज कराई हैं. कई ग्राहकों ने कंपनी की सेवाओं से नाराज होकर उसे ‘फ्रॉड, ‘ब्लैकमेलर और ‘कभी कार मत लेना’जैसे शब्दों में संबोधित किया है.

सोशल मीडिया पर उपलब्ध शिकायतों के मुताबिक, कुछ ग्राहकों ने आरोप लगाया है कि कार की Inspection के नाम पर उनसे शुल्क लिया गया और बेहतर कीमत अथवा Auction का भरोसा दिया गया, लेकिन उन्हें अपेक्षित परिणाम नहीं मिला. एक ग्राहक ने ₹825 के Inspection/Pro Plan शुल्क का उल्लेख करते हुए PAN-India Auction के जरिए बेहतर कीमत मिलने के कथित भरोसे पर आपत्ति जताई.

एक अन्य ग्राहक ने दावा किया कि CARS24 की Inspection Report में वाहन की कई चीजें सही बताई गई थीं, लेकिन कार लेने पहुंचे तो वाहन की हालत कथित तौर पर बेहद खराब मिली. ग्राहक ने Battery, Engine Oil, Music System, Wiring समेत कई हिस्सों में खराबी और वाहन के Odometer से छेड़छाड़ का आरोप लगाया, ग्राहक के मुताबिक, उसके खाते से ₹13,250 की रकम भी काटी गई.

कार खरीदने के एक घंटे में खराबी का आरोप

एक ग्राहक ने CARS24 से खरीदी गई कार के करीब एक घंटे में खराब हो जाने का आरोप लगाते हुए Refund की मांग की, ग्राहक ने ₹10,000 की कटौती पर भी आपत्ति जताई. इस मामले में CARS24 ने सार्वजनिक जवाब में कहा कि ग्राहक को ₹3,81,199 की Refund राशि सफलतापूर्वक वापस की गई, जबकि ₹10,000 की कटौती Return Policy के Terms & Conditions के तहत की गई थी और ग्राहक ने इन शर्तों को स्वीकार किया था.

एक अन्य ग्राहक ने MG Astor खरीदने के दो दिन बाद Door Handle खराब होने की शिकायत की. ग्राहक के मुताबिक कंपनी ने दुर्घटना में क्षतिग्रस्त वाहन की मरम्मत के बाद नया Handle Assembly लगाने का आश्वासन दिया था, लेकिन पांच महीने बाद वही समस्या दोबारा सामने आ गई. ग्राहक ने आरोप लगाया कि बाद में Customer Support ने 30 दिन की अवधि समाप्त होने का हवाला देकर सहायता से इनकार कर दिया.

RC Transfer में 10 माह की देरी का आरोप

एक ग्राहक ने आरोप लगाया कि CARS24 के माध्यम से कार बेचने के बाद उसे RC Transfer अधिकतम 180 दिन में पूरा होने की जानकारी दी गई थी, लेकिन करीब 10 महीने बाद भी वाहन उसके नाम से Transfer नहीं हुआ. ग्राहक का कहना है कि उसने कई बार फोन और ईमेल से संपर्क किया, लेकिन उसे समाधान नहीं मिला.

Auction और Sell Pro Service को लेकर भी ग्राहकों की शिकायतें सामने आई हैं. एक शिकायत में 2012 Maruti Suzuki Alto के ग्राहक ने आरोप लगाया कि उसकी सहमति के बिना App पर Deal Closure दिखा दिया गया, जबकि उसने Sell Pro Service के जरिए अधिक कीमत की उम्मीद की थी, ग्राहक ने Auction Process दोबारा शुरू करने अथवा Sell Pro शुल्क वापस करने की मांग की.

Insurance रकम के हिसाब पर भी शिकायत

एक ग्राहक ने Loan Account में Protect Insurance Premium के नाम पर वसूली गई ₹19,265 की रकम का पूरा हिसाब मांगा, ग्राहक के मुताबिक उपलब्ध दस्तावेजों में Protect के लिए ₹2,400 और Digit के लिए ₹6,700 का उल्लेख था. उसने बाकी रकम का विस्तृत Break-up और सही Insurance Invoice उपलब्ध कराने की मांग की. इसी तरह कुछ ग्राहकों ने Foreclosure Letter के लिए शुल्क लेने के बावजूद दस्तावेज नहीं मिलने और Refund प्रक्रिया में देरी की शिकायत की है.

कंपनी हर शिकायत पर दे रही जवाब

इन शिकायतों के बीच CARS24 के सोशल मीडिया हैंडल पर कंपनी की सक्रियता भी दिखाई देती है, ग्राहकों की शिकायतों पर कंपनी की ओर से नियमित जवाब दिए जा रहे हैं. ज्यादातर जवाबों में ग्राहकों से निजी जानकारी साझा करने, एक फॉर्म भरने या कंपनी की टीम द्वारा संपर्क किए जाने की बात कही जाती है, हालांकि, सोशल मीडिया पोस्ट पर दिए गए जवाबों से किसी शिकायत के अंतिम निस्तारण की स्थिति हमेशा स्पष्ट नहीं होती. सार्वजनिक पोस्ट में शिकायत के बाद की पूरी प्रक्रिया और अंतिम परिणाम का विवरण आम तौर पर उपलब्ध नहीं रहता.

डेटा चोरी के मामले ने बढ़ाई चिंता

सितंबर में CARS24 की ओर से करीब 3,100 ग्राहकों की कथित गोपनीय जानकारी चोरी होने को लेकर साइबर अपराध पुलिस में शिकायत किए जाने की खबर भी सामने आई. कंपनी की शिकायत के मुताबिक ग्राहक डेटा के कथित दुरुपयोग और बाहरी लोगों तक पहुंचने की आशंका जताई गई है. इस मामले की पुलिस जांच अपने स्तर पर चल रही है. CARS24 से जुड़े पुराने विवाद भी अलग-अलग समय पर सामने आते रहे हैं. गुरुग्राम में जलभराव के दौरान सड़क पर नाव उतारने की घटना के बाद ₹50,000 के चालान की बात सामने आई थी, हालांकि गुरुग्राम पुलिस ने बाद में चालान काटे जाने से इनकार किया था. विवाद के बाद CARS24 की ओर से माफी मांगे जाने की खबर सामने आई.

मई 2026 में हापुड़ में CARS24 के CEO और कुछ अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज होने की रिपोर्ट भी सामने आई थी. वहीं मार्च 2026 में कंपनी के India CEO Himanshu Ratnoo के पद छोड़ने की खबर आई थी. उपलब्ध रिपोर्टों में उनके इस्तीफे को कंपनी की IPO योजनाओं के संदर्भ में बताया गया था. अलग-अलग ग्राहकों द्वारा Inspection, Refund, Auction, RC Transfer, Warranty, Insurance और Customer Support को लेकर दर्ज कराई गई शिकायतों ने CARS24 की ग्राहक सेवा और प्रक्रियाओं को लेकर सार्वजनिक बहस जरूर तेज कर दी है.

यह भी पढिए: मोटापा बना कंपनियों की लॉटरी! ‘फैट बर्न’ के नाम पर गोली से फुट पैच तक बाजार में अरबों की कमाई



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read