India Mobile Congress 2026: दिल्ली के यशोभूमि में आयोजित 10वें इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2026 के दौरान रिलायंस जियो इंफोकॉम लिमिटेड (RJIL) के चेयरमैन आकाश अंबानी ने कंपनी के भविष्य के विजन और नई तकनीकों को लेकर अपनी योजनाओं का खुलासा किया. इस मौके पर केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी जियो स्टॉल पर पहुंचे और वहां प्रदर्शित तकनीकों का जायजा लिया.
जियो के डिजिटल सोसाइटी विजन पर फोकस
आकाश अंबानी ने कहा कि इस बार जियो अपने व्यापक डिजिटल सोसाइटी विजन को लोगों के सामने पेश कर रहा है. उनके अनुसार, कंपनी का मुख्य लक्ष्य उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं और अधिक मूल्य प्रदान करना है. उन्होंने बताया कि जियो लगातार इस बात पर काम कर रहा है कि ग्राहकों को नई पीढ़ी की डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें.
AI के जरिए वॉयस और डेटा सेवाओं में बदलाव की तैयारी
आकाश अंबानी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI आने वाले समय में टेलीकॉम सेक्टर की तस्वीर बदल सकता है. जियो वॉयस सर्विस और डेटा सर्विस में AI आधारित नए प्रयोग कर रहा है. उनका मानना है कि इससे देशभर के करोड़ों ग्राहकों को बेहतर अनुभव मिलेगा और सेवाएं पहले से अधिक स्मार्ट बनेंगी.
सैटेलाइट टेक्नोलॉजी में भी तेजी से आगे बढ़ रहा जियो
उन्होंने कहा कि कंपनी सैटेलाइट तकनीक के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण प्रगति कर रही है. जियो इस मंच पर अपनी उपलब्धियों को प्रदर्शित कर रहा है और भारत से विकसित एक स्वदेशी सैटेलाइट स्टैक तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है. यह देश की तकनीकी आत्मनिर्भरता को मजबूत करने वाला कदम माना जा रहा है.
6G के क्षेत्र में भारत को आगे ले जाने का लक्ष्य
आकाश अंबानी ने प्रधानमंत्री के उस विजन का भी जिक्र किया, जिसमें भारत को 6G तकनीक में वैश्विक नेतृत्व हासिल करने का लक्ष्य दिया गया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने यह उम्मीद जताई है कि दुनिया भर के 6G पेटेंट में 10 प्रतिशत हिस्सा भारत का हो.
पेटेंट फाइलिंग में भी जियो की सक्रिय भूमिका
जियो चेयरमैन ने बताया कि कंपनी ने 6G युग आने से पहले ही इस दिशा में काम शुरू कर दिया है. उन्होंने कहा कि जियो कई पेटेंट के लिए आवेदन कर चुका है और तकनीकी मानकों के स्तर पर लगातार आगे बढ़ रहा है. कंपनी का लक्ष्य ऐसी क्षमताएं विकसित करना है जो वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें.
ये भी पढ़ें-रांची में चौक के नाम पर सियासी बवाल, BJP ने बदला नाम तो कांग्रेस ने रातों-रात उखाड़ा बोर्ड
दुनिया के चुनिंदा देशों के बराबर पहुंचने की तैयारी
आकाश अंबानी के मुताबिक, जियो तकनीकी मानकों और रिसर्च के क्षेत्र में विश्वस्तरीय स्तर हासिल करने की दिशा में काम कर रहा है. उन्होंने विश्वास जताया कि भारत आने वाले वर्षों में 6G और उन्नत डिजिटल तकनीकों के मामले में दुनिया के उन चुनिंदा देशों की श्रेणी में शामिल हो सकता है, जो इस क्षेत्र में अग्रणी माने जाते हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


