Bharat Express DD Free Dish

ईरान में तनाव के बीच एयरस्पेस बंद; एयर इंडिया, इंडिगो और स्पाइसजेट ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी, कई उड़ानें रद्द

ईरान में जारी अशांति के कारण वहां का हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया है, जिसका सीधा असर भारत से चलने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़ा है. एयर इंडिया, इंडिगो और स्पाइसजेट ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए नई गाइडलाइंस और हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं.

Iran airspace closure, Travel Advisory

Indian Airlines Advisory: ईरान ने बढ़ते तनाव का असर अब भारत में भी दिखने लगा है. तनाव के कारण ईरान ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है जिस वजह से भारतीय एयरलाइंस को कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के रूट बदलने पड़े हैं. कुछ फ्लाइट्स तो ऐसी हैं जिन्हें मजबूरी में रद्द भी करना पड़ा है.

अगर आप या आपका कोई अपना आने वाले दिनों में विदेश यात्रा की प्लानिंग कर रहा है, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. आइए जानते हैं कि एयरलाइंस ने अपनी एडवाइजरी में क्या कहा है और यात्रियों के पास अब क्या विकल्प हैं.

लंबे रूट से उड़ेंगी एयर इंडिया फ्लाइट्स

देश की प्रमुख एयरलाइन एयर इंडिया ने साफ कर दिया है कि उनके लिए यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा सबसे ऊपर है. एयरलाइन ने अपने ‘X’ हैंडल पर जानकारी दी है कि ईरान के ऊपर से गुजरने वाली उड़ानों को अब वैकल्पिक रास्तों से भेजा जा रहा है.

अब चूंकि रास्ता लंबा हो गया है, तो जाहिर है कि मंजिल तक पहुंचने में वक्त भी ज्यादा लगेगा. एयर इंडिया ने चेतावनी दी है कि कुछ उड़ानों में काफी देरी हो सकती है. वहीं, जिन रूट्स पर डायवर्जन मुमकिन नहीं था, उन्हें फिलहाल कैंसिल कर दिया गया है. कंपनी ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट निकलने से पहले वेबसाइट पर अपना ‘फ्लाइट स्टेटस’ जरूर चेक कर लें.

ये भी पढ़ें- विकसित भारत @2047 की नींव बनेंगे स्मार्ट PACS; PHDCCI की राष्ट्रीय कार्यशाला में ग्रामीण समृद्धि का रोडमैप तैयार

इंडिगो देगा रिफंड और रि-बुकिंग की सुविधा

इंडिगो ने भी इस स्थिति पर चिंता जताई है. एयरलाइन का कहना है कि यह अचानक आई मुसीबत उनके कंट्रोल से बाहर है, लेकिन वे यात्रियों की परेशानी कम करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं. इंडिगो ने प्रभावित यात्रियों के लिए ‘फ्लेक्सिबल रि-बुकिंग’ और ‘रिफंड’ का विकल्प खोल दिया है. यानी अगर आपकी फ्लाइट रद्द हुई है या देरी से है, तो आप बिना किसी एक्स्ट्रा चार्ज के अपनी यात्रा की तारीख बदल सकते हैं या अपना पैसा वापस मांग सकते हैं.

स्पाइसजेट ने हेल्पलाइन नंबर किए जारी

स्पाइसजेट ने भी अपने यात्रियों को अलर्ट रहने की सलाह दी है. एयरलाइन ने कहा है कि ईरान एयरस्पेस बंद होने की वजह से शेड्यूल में जो भी बदलाव हो रहे हैं, उसकी जानकारी यात्रियों को लगातार दी जा रही है. किसी भी तरह की मदद या जानकारी के लिए मुसाफिर स्पाइसजेट के 24×7 हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल कर सकते हैं या उनकी वेबसाइट के जरिए स्टेटस देख सकते हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read