केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की इटली यात्रा के दौरान भारत को बड़ी निवेश प्रतिबद्धताएं मिली हैं. कई प्रमुख इतालवी कंपनियों ने भारत में अपने कारोबार को बढ़ाने और निवेश को दोगुना करने की घोषणा की है.
इटली में गोयल की मुलाकात के दौरान ऑटोमोबाइल कंपोनेंट बनाने वाली प्रमुख कंपनी Carraro Group ने भारत में बड़े विस्तार की योजना का ऐलान किया. कंपनी अगले 5 से 7 सालों में भारत में 350 मिलियन यूरो का निवेश करेगी.
Carraro India ने भारत में संभावनाएं जताईं
Carraro Group के चेयरमैन एनरिको करारो ने कहा, “हमने अब तक भारत में करीब 200 मिलियन यूरो का निवेश किया है और यहां 1,600 लोगों को रोजगार दिया है. अब हम इसे बढ़ाकर 350 मिलियन यूरो करना चाहते हैं.”
कंपनी की भारतीय इकाई Carraro India के सीईओ फ्रांसेस्को सेकी ने भी भारत में कारोबार की संभावनाओं को उजागर किया. उन्होंने कहा, “भारत में निवेश से हमारा कारोबार तेजी से बढ़ा है. सरकार का रवैया भी सहयोगी रहा है.”
UFI Filters ने भी दो गुना किया निवेश
UFI Filters, जो कि फिल्ट्रेशन और थर्मल मैनेजमेंट टेक्नोलॉजी में अग्रणी है, ने भी भारत में अपने निवेश को दोगुना करने का निर्णय लिया है. कंपनी स्थानीय मैन्युफैक्चरिंग और बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठा रही है.
इस मौके पर कंपनी के प्रमुख जियोर्जियो गिरोंदी ने भारत को भविष्य के लिए एक मजबूत बाजार बताया और अपने विस्तार की योजनाएं साझा कीं.
खाद्य क्षेत्र की मशहूर इतालवी कंपनी Toschi Vignola ने भी भारत में अपने व्यवसाय को तेज़ी से बढ़ाने की घोषणा की. कंपनी के सीईओ स्टेफानो टोसकी ने कहा, “भारत हमारी प्राथमिकता है. यहां की अर्थव्यवस्था और जनसंख्या दोनों हमारे लिए अवसर हैं.”
उन्होंने कहा, “भारतीय पारंपरिक खाने के शौकीन हैं, लेकिन अब वेस्टर्न फूड की भी मांग बढ़ रही है. यही हमारे लिए मौका है.”
‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ को मिलेगा बल
Toschi Vignola की पहचान इसके ब्लैक चेरी उत्पादों से है. कंपनी 400 से ज्यादा फूड और बेवरेज प्रोडक्ट बनाती है और दुनिया के 80 से ज्यादा देशों में मौजूद है.
पीयूष गोयल की इस यात्रा के दौरान कई अन्य कंपनियों के प्रमुखों से भी मुलाकात हुई. इनमें ERTA Refrigeration के सीईओ मार्को नोचिवेली, SOL Group के डैनिएले फोर्नी, और iMoon Lightning की सीईओ लौरा टार्क्विनियो शामिल रहे.
इन घोषणाओं को ‘मेक इन इंडिया’ और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है. इससे भारत में रोजगार बढ़ेगा, तकनीक आएगी और विदेशी निवेश को भी मजबूती मिलेगी.
भारत और इटली के बीच व्यापारिक रिश्ते नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहे हैं और इस यात्रा ने इसमें अहम भूमिका निभाई है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

