Bharat Express DD Free Dish

तैयार है नवी मुंबई एयरपोर्ट! 1515 ड्रोन्स ने रात को बना दिया जादुई, देखें भव्य नजारा

Navi Mumbai Airport Launch: नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के औपचारिक परिचालन से ठीक पहले आसमान में 1,515 ड्रोन्स के साथ ड्रोन शो का आयोजन किया गया. पूरे तालमेल के साथ उड़ते ड्रोन ने एक के बाद एक शानदार आकृतियां बनाईं.

Navi Mumbai Airport Launch

Navi Mumbai Airport Launch: नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के इतिहास में एक यादगार शाम तब जुड़ गई, जब इसके औपचारिक परिचालन से ठीक पहले आसमान में तकनीक और कल्पना का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला. हवाई अड्डे की शुरुआत की पूर्व संध्या पर आयोजित इस भव्य ड्रोन शो ने लोगों का दिल जीत लिया. करीब 1,515 ड्रोन एक साथ उड़ान भरते हुए नवी मुंबई के आसमान में ऐसे उतरे, मानो किसी ने रात के कैनवास पर रोशनी से कहानी लिख दी हो.

आसमान में उभरी भारत की तस्वीर

पूरे तालमेल के साथ उड़ते ड्रोन ने एक के बाद एक शानदार आकृतियां बनाईं. कभी 3D कमल खिलता दिखा, तो कभी एयरपोर्ट के इंटीरियर की झलक आसमान में नजर आई. NMIA का लोगो, हरियाली से जुड़ा ‘ग्रीन एयरपोर्ट’ का संदेश, मुंबई के ऊपर उड़ता विमान और ‘राइज ऑफ इंडिया’ जैसे दृश्य इतने जीवंत थे कि देखने वाले कुछ पल के लिए सांस रोककर देखते रह गए.

Navi Mumbai Airport Launch

इस खास मौके पर दिव्यांगजन, युवा खिलाड़ी और NMIA से जुड़े कर्मचारी भी मौजूद थे. सभी ने इस पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया और गर्व के साथ इस ऐतिहासिक शुरुआत का गवाह बने. माहौल में उत्साह था, चेहरे पर मुस्कान और आंखों में आने वाले कल की उम्मीद साफ झलक रही थी.

Navi Mumbai Airport Launch

क्या है नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड?

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड यानी NMIAL को खास तौर पर इस ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के विकास, निर्माण और संचालन के लिए बनाया गया है. यह परियोजना पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर आधारित है. इसमें मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड की 74 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जो अडानी एयरपोर्ट्स होल्डिंग्स लिमिटेड की सहायक कंपनी है. वहीं महाराष्ट्र सरकार की इकाई CIDCO के पास 26 प्रतिशत हिस्सेदारी है.

Navi Mumbai Airport Launch

ये भी पढ़ें- सबूतों ने फेरा इंसाफ पर पानी! दिल्ली की रोहिणी कोर्ट ने शाहीन मलिक एसिड अटैक केस के सभी आरोपियों को छोड़ा

भविष्य का एविएशन हब

नवी मुंबई में बना यह नया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा आने वाले वर्षों में देश के सबसे व्यस्त एविएशन हब में शामिल होने की पूरी क्षमता रखता है. करीब 1,160 हेक्टेयर में फैला यह एयरपोर्ट पूरी तरह तैयार होने के बाद सालाना लगभग 9 करोड़ यात्रियों को संभाल सकेगा. यहां दो समानांतर रनवे, अत्याधुनिक टर्मिनल और आधुनिक कार्गो सुविधाएं विकसित की जा रही हैं.

Navi Mumbai Airport Launch

खास बात यह है कि NMIA को पर्यावरण के लिहाज से भी बेहद जिम्मेदार बनाया जा रहा है. नवीकरणीय ऊर्जा, ग्रीन बिल्डिंग तकनीक और टिकाऊ ढांचे पर खास जोर दिया गया है. इसका डिज़ाइन भारत के राष्ट्रीय फूल कमल से प्रेरित है, जो आधुनिकता और भारतीय पहचान का सुंदर मेल पेश करता है.

Navi Mumbai Airport Launch

शुरुआती चरण में एयरपोर्ट की क्षमता 2 करोड़ यात्रियों और 5 लाख मीट्रिक टन कार्गो की होगी. NMIA का लक्ष्य सिर्फ उड़ानों को संभालना नहीं, बल्कि यात्रियों को बेहतर अनुभव देना और पर्यावरण संरक्षण के नए मानक स्थापित करना है. साफ है कि नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा सिर्फ एक नया एयरपोर्ट नहीं, बल्कि भारत की बढ़ती उड़ान का मजबूत प्रतीक बनने जा रहा है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read