Bharat Express DD Free Dish

नवी मुंबई एयरपोर्ट से अब सफर होगा बेहद आसान, अडानी ग्रुप ने शुरू कीं ई-शिवाई बसें

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विंटर शेड्यूल से पहले सस्ती बसों, ऐप टैक्सियों और फ्री शटल सेवा का ऐलान हुआ है. पुणे और मुंबई के प्रमुख इलाकों के लिए ई-शिवाई बसें चलेंगी.

Navi Mumbai Airport Transport Adani Group Affordable Bus Taxi Services Connectivity

AI IMAGE

अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड द्वारा संचालित नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट 25 अक्टूबर 2026 से शुरू हो रहे विंटर शेड्यूल से पहले यात्रियों को बड़ी सहूलियत देने जा रहा है. हवाई अड्डे ने मुंबई, पुणे और मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) के आसपास के इलाकों के लिए सस्ते और सुविधाजनक ट्रांसपोर्ट नेटवर्क का खाका तैयार कर लिया है.

मात्र 170 रुपये से शुरू होगी बस सेवा

यात्रियों के लिए सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम 7 अक्टूबर से हवाई अड्डे से इलेक्ट्रिक ‘ई-शिवाई’ बसें चलाने जा रहा है. इसका किराया भी काफी किफायती रखा गया है. नवी मुंबई एयरपोर्ट से दादर ईस्ट का किराया मात्र 170 रुपये, बोरीवली का 210 रुपये और पुणे का किराया 450 रुपये होगा.

इतना ही नहीं, नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड का इस्तेमाल करने वाली महिलाओं और 12 साल से कम उम्र के बच्चों को किराए में 50 फीसदी की सीधी छूट मिलेगी. शुरुआत में ये बसें दादर, बोरीवली और पुणे के लिए चलेंगी, जबकि नवंबर के मध्य तक ठाणे और नासिक के लिए भी सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी.

कैब, ऑटो और लोकल बसों का पूरा इंतजाम

अडानी एयरपोर्ट प्रशासन ने हवाई यात्रियों की सुविधा के लिए कई विकल्प दिए हैं. ‘चलो बस’ सेवा बांद्रा, दादर, मरोल और कोलाबा के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के बीच रोजाना 21 फेरे लगाएगी. इसके अलावा नवी मुंबई म्यूनिसिपल ट्रांसपोर्ट (NMMT) की बसें बेलापुर, नेरुल, पनवेल, खारकोपर और तरघर जैसे नजदीकी स्टेशनों को हवाई अड्डे से जोड़ेंगी.

ऐप-आधारित कैब के शौकीनों के लिए उबर गो, प्रीमियर और ऑटो की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जबकि भारत टैक्सी 10 अक्टूबर से अपनी 40 गाड़ियां तैनात करने जा रही है.

दो एयरपोर्ट के बीच फ्री शटल सेवा

सबसे खास बात यह है कि नवी मुंबई एयरपोर्ट और छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (CSMIA) के बीच हर घंटे एक मुफ्त शटल बस सेवा चलाई जाएगी. इस प्रोजेक्ट के तहत अडानी ग्रुप इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने पर भी तेजी से काम कर रहा है.

यह भी पढ़ें: लगातार आठ हफ्तों से क्यों गिर रहा शेयर बाजार? बिकवाली का दौर कब होगा खत्म

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read