(AI IMAGE)
Reliance share price: रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) ने दूसरी तिमाही (Q2) के अपने शानदार वित्तीय नतीजों से शेयर बाजार में तहलका मचा दिया है. नेट प्रॉफिट में 41 फीसदी की जोरदार बढ़त दर्ज करने के बाद सोमवार को शुरुआती 45 मिनट के भीतर ही कंपनी का मार्केट कैप 1.29 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा बढ़ गया.
तिमाही नतीजों के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में आई इस रिकवरी ने निवेशकों के चेहरे पर मुस्कान ला दी है. O2C सेगमेंट में मजबूती और न्यू एनर्जी सेक्टर में विस्तार की संभावनाओं को देखते हुए विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में यह स्टॉक अपने ऑल-टाइम हाई की तरफ दोबारा तेजी से बढ़ सकता है.
Q2 नतीजों ने रचा इतिहास
रिलायंस इंडस्ट्रीज का सितंबर तिमाही में कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 41% बढ़कर 25,548 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 18,165 करोड़ रुपये था. ऑपरेशंस से होने वाला रेवेन्यू भी 29% बढ़कर 3.32 लाख करोड़ रुपये दर्ज किया गया. कमाई में इस बंपर तेजी की मुख्य वजह कंपनी का ‘ऑयल-टू-केमिकल्स’ (O2C) और डिजिटल-सर्विसेज बिजनेस रहा. O2C सेगमेंट का EBITDA 68% उछलकर 25,203 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर आ गया.
45 मिनट में 1.29 लाख करोड़ का मुनाफा
रिलायंस का शेयर बीएसई पर 1,227.40 रुपये पर खुला और देखते ही देखते 45 मिनट में 1,259 रुपये के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया. इससे कंपनी की मार्केट वैल्यूएशन शुक्रवार के 15.75 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 17.04 लाख करोड़ रुपये के पार निकल गई. इस तरह सिर्फ 45 मिनट के भीतर कंपनी के मूल्यांकन में 1,29,214.41 करोड़ रुपये का इजाफा हो गया.
ब्रोकरेज फर्म्स ने बढ़ाया भरोसा
कंपनी के इस दमदार प्रदर्शन के बाद अंतरराष्ट्रीय और घरेलू ब्रोकरेज हाउस रिलायंस के शेयर पर काफी बुलिश नजर आ रहे हैं:
- जेफरीज (Jefferies): शेयर पर ‘Buy’ रेटिंग बरकरार रखते हुए 1,710 रुपये का टारगेट दिया है, जो करीब 47% अपसाइड का संकेत देता है.
- नोमुरा (Nomura): O2C बिजनेस के मजबूत आंकड़ों को देखते हुए 1,560 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है.
- नुवामा (Nuvama): ‘Buy’ रेटिंग के साथ 1,703 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है. नुवामा का मानना है कि रिलायंस का न्यू एनर्जी बिजनेस आने वाले समय में कंपनी के नेट प्रॉफिट में बड़ा योगदान देगा.
यह भी पढ़ें-अंबुजा सीमेंट का बड़ा दांव! ₹14,500 करोड़ के निवेश से बढ़ेगी क्षमता, 2030 तक का है यह मेगा प्लान
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





