Bharat Express DD Free Dish

WhatsApp अटका! न फोटो जा रही, न वीडियो; जानिए क्या है इस ग्लोबल ग्लिच का कारण?

WhatsApp Down: भारत समेत कई देशों में यूजर्स को फोटो, वीडियो, GIF और स्टिकर भेजने में परेशानी हुई. डाउनडिटेक्टर पर भी बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज हुईं.

WhatsApp Down: अगर आप WhatsApp पर किसी को फोटो, वीडियो या GIF भेजने की कोशिश कर रहे थे और फाइल काफी देर तक ‘Sending’ पर अटकी रही, तो आप अकेले नहीं है. WhatsApp के कई यूजर्स को सोमवार सुबह से ही मीडिया फाइल भेजने और रिसीव करने में परेशानी का सामना करना पड़ा. भारत के अलावा कई दूसरे देशों से भी ऐसी शिकायतें सामने आईं.

सबसे ज्यादा दिक्कत फोटो और वीडियो के साथ देखने को मिली. कई यूजर्स ने बताया कि चैट में तस्वीर चुनने के बाद वह अपलोड ही नहीं हो रही थी. कुछ मामलों में फाइल भेजने की कोशिश लगातार चलती रही, जबकि कुछ यूजर्स को बार-बार दोबारा कोशिश करने यानी ‘Retry’ का विकल्प दिखाई देता रहा. स्टिकर और GIF भेजने में भी इसी तरह की परेशानी की शिकायतें मिलीं.

टेक्स्ट मैसेज चल रहे थे, लेकिन मीडिया ने किया परेशान

दिलचस्प बात यह रही कि कई यूजर्स के लिए सामान्य टेक्स्ट मैसेजिंग ठीक से काम कर रही थी. यानी वे मैसेज भेज और प्राप्त कर पा रहे थे, लेकिन जैसे ही फोटो या वीडियो भेजने की बारी आई, समस्या शुरू हो गई. बड़ी साइज की फाइलों के साथ परेशानी और ज्यादा बताई गई.

आउटेज ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म डाउनडिटेक्टर (Downdetector) पर भी बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज हुईं. रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 41 फीसदी शिकायतें मैसेजिंग से जुड़ी थीं, जबकि लगभग 40 फीसदी यूजर्स ने ऐप के संचालन में परेशानी बताई. करीब 13 फीसदी शिकायतें नोटिफिकेशन से संबंधित थीं.

सिर्फ भारत में नहीं आई समस्या

व्हाट्सएप की इस परेशानी की शिकायतें केवल भारत से नहीं आईं. ब्रिटेन, फ्रांस, ब्राजील, कनाडा, मेक्सिको, स्पेन और कोलंबिया समेत कई देशों के यूजर्स ने भी इसी तरह की समस्या की जानकारी दी. इससे संकेत मिला कि मामला किसी एक इलाके के इंटरनेट नेटवर्क तक सीमित नहीं था और WhatsApp की सेवा में व्यापक तकनीकी गड़बड़ी हो सकती है.


ये भी पढ़ें: ‘दूसरी शादी करेंगे आप?’…सवाल सुनते ही सन्न रह गए ‘तेजू भैया’, छलका दर्द!


फोन रीस्टार्ट करने से भी नहीं हुआ फायदा

परेशान यूजर्स ने फोन रीस्टार्ट करने, Wi-Fi से मोबाइल डेटा पर जाने और ऐप को दोबारा इंस्टॉल करने जैसे उपाय भी आजमाए. हालांकि, कई लोगों के लिए इनसे समस्या दूर नहीं हुई और खासकर फोटो-वीडियो भेजने में दिक्कत बनी रही.

Downdetector पर रविवार को भी व्हाट्सएप को लेकर कुछ शिकायतें दर्ज की गई थीं. हालांकि, खबर लिखे जाने तक व्हाट्सएप या उसकी पैरेंट कंपनी Meta की ओर से इस तकनीकी समस्या की वजह को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया. ऐसे में फिलहाल यह साफ नहीं है कि यह परेशानी किस तकनीकी कारण से हुई और इसे पूरी तरह ठीक होने में कितना समय लगेगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read