Bharat Express DD Free Dish

बब्बर खालसा टेरर मॉड्यूल के 2 और सदस्य गिरफ्तार, एक हैंड-ग्रेनेड किया गया बरामद

Babbar Khalsa Terror Module: काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर ने बब्बर खालसा मॉड्यूल के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक 86पी हैंड-ग्रेनेड बरामद किया है. गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान विशवजीत और जैक्सन के रूप में हुई है.

Babbar Khalsa Terror Module

बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश होने के कुछ ही दिन बाद, काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर ने इसी मॉड्यूल के दो और सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक 86पी हैंड-ग्रेनेड बरामद किया है. यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने मंगलवार को दी.

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान विशवजीत और जैक्सन के रूप में हुई है, जो नकोदर के शंकर गांव के रहने वाले हैं.

बी.के.आई. मॉड्यूल के 5 सदस्य पहले ही गिरफ्तार

जानकारी के अनुसार, पंजाब पुलिस ने नवांशहर ग्रेनेड हमले में शामिल BKI मॉड्यूल के पांच सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार किया था. इनमें ऋतिक नरोलिया और सोनू कुमार उर्फ काली के साथ तीन नाबालिग आरोपी शामिल थे. उस समय पुलिस ने एक 86पी हैंड-ग्रेनेड और एक .30 बोर पिस्तौल भी बरामद की थी.

आरोपियों के पास से एक हैंड-ग्रेनेड बरामद

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तारी की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए सी.आई. जालंधर ने हाल ही में राजस्थान से BKI के दो सदस्यों- ऋतिक नरोलिया और एक नाबालिग आरोपी को पकड़ा था और उनके कब्जे से भी एक 86पी हैंड-ग्रेनेड बरामद हुआ था. इन्हीं खुलासों के आधार पर आरोपी विशवजीत, जो मलेशिया भागने की फिराक में था, को कोलकाता से और उसका साथी जैक्सन को नकोदर से गिरफ्तार किया गया. इनसे भी एक हैंड-ग्रेनेड बरामद हुआ.

डीजीपी ने पुष्टि की कि सभी आरोपी कनाडा स्थित BKI मास्टरमाइंड ज़ीशान अख्तर और अजय गिल के निर्देशों पर काम कर रहे थे.

ये भी पढ़ें- हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बादल फटने से मची तबाही, स्कूल-कॉलेज बंद, येलो अलर्ट जारी

आरोपी ब्यास से दो हैंड-ग्रेनेड किये थे प्राप्त

और विवरण देते हुए ए.आई.जी. काउंटर इंटेलिजेंस नवजोत सिंह माहल ने जानकारी दी कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी विशवजीत और जैक्सन ने इस वर्ष जुलाई के अंतिम सप्ताह में अपने साथियों के माध्यम से ब्यास से दो हैंड-ग्रेनेड हासिल किए थे. इनमें से एक ग्रेनेड का इस्तेमाल करीब 10 दिन पहले एस.बी.एस. नगर में शराब के ठेके पर धमाका करने में किया गया था.

ए.आई.जी. ने कहा कि मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं. इस संबंध में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं और अन्य प्रावधानों के तहत थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), अमृतसर में एफआईआर दर्ज की गई है.

– भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read