समीर ने इस लड़की की गला घोंटकर हत्या की
मध्य प्रदेश के भोपाल में 33 वर्षीय महिला सिया का शव सेप्टिक टैंक से बरामद हुआ, जिसे कथित तौर पर उसके शादीशुदा प्रेमी ने हत्या के बाद लोहे के बक्से में छिपाकर फेंक दिया. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
मध्य प्रदेश के भोपाल के निशातपुरा इलाके से एक बेहद सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. सिया की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए समीर से हुई थी और शादी की उम्मीद में वह भोपाल आकर रहने लगी. बाद में उसे पता चला कि समीर पहले से शादीशुदा है, जिसके बाद दोनों के बीच लगातार विवाद होने लगे.पुलिस ने बताया फिलहाल मुख्य आरोपी फरार है, जबकि उसके परिवार के कुछ सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है और मामले की जांच जारी है.चलिए जानते है पूरा मामला:
शादीशुदा होने का खुलासा
पुलिस के मुताबिक, अशरफी उर्फ सिया मूल रूप से गोंदिया जिला, महाराष्ट्र की रहने वाली थी. करीब एक साल पहले उसकी मुलाकात इंस्टाग्राम पर समीर नामक युवक से हुई थी. तीन महीने पहले वह उससे शादी की उम्मीद में भोपाल आकर रहने लगी.
वहीं पुलिस जांच में सामने आया कि समीर पहले से शादीशुदा था और उसके दो बच्चे भी हैं. इस बात का पता चलने के बाद दोनों के बीच लगातार झगड़े होने लगे. पड़ोसियों के अनुसार, समीर की पत्नी और सिया के बीच भी अक्सर विवाद होते थे, जिसके चलते उसकी पत्नी कुछ समय के लिए जबलपुर चली गई थी. यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स जैसे टाइम्स ऑफ इंडिया में भी सामने आई.
पुलिस के अनुसार, सिया समीर पर शादी का दबाव बना रही थी और कथित तौर पर इनकार करने पर 5 लाख रुपये की मांग की बात भी सामने आई. इसी तनाव के बीच सोमवार शाम दोनों के बीच विवाद बढ़ गया, जो हिंसक झगड़े में बदल गया.
हत्या के बाद शव छिपाने की साजिश
जांच एजेंसियों को शक है कि समीर ने गला घोंटकर हत्या की और बाद में अपने परिवार की मदद से शव को लोहे के बक्से में बंद किया. आरोप है कि मां, भाई और बहन ने मिलकर बक्से को घर के पास खाली प्लॉट के सेप्टिक टैंक में फेंक दिया. इस घटनाक्रम की जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स जैसे एनडीटीवी में भी दी गई.
बदबू से खुला राज, पुलिस जांच तेज
गुरुवार को आसपास खेल रहे बच्चों ने बदबू आने की शिकायत की, जिसके बाद लोगों ने टैंक में तैरता बक्सा देखा और पुलिस को सूचना दी. शव की पहचान हाथ पर बने दीपक के टैटू और जन्मतिथि से की गई. मनोज पटवा के मुताबिक शव करीब 3–4 दिन पुराना था और शुरुआती जांच में गला घोंटने की बात सामने आई है.
आरोपी फरार, परिवार हिरासत में
मुख्य आरोपी समीर फिलहाल फरार है, जबकि उसकी मां, भाई और बहन को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस उसकी पत्नी से भी पूछताछ कर रही है. सिया की पिछली शादी से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है और अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद सामने आएगा.
यह भी पढ़े:मुंबई की रफ्तार पर लगा ‘ब्रेक’, मुलुंड में मेट्रो पिलर का हिस्सा गिरने से 4 घायल; मची अफरातफरी
-भारत एक्सप्रेस
Edited By: Shubhra Rai (Intern)
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



