बिहार को लूट-खसोट कर लाचार बनाने वाले भ्रष्टाचारियों पर बिहार सरकार की कार्रवाई जारी है. बिहार की नीतीश कुमार सरकार लगातार भ्रष्ट नेताओं और अधिकारियों पर कार्रवाई कर रही है. अब प्रदेश के एक ग्रामीण विभाग के इंजीनियर को भी जांच अधिकारियों ने गिरफ्तार किया है.
जांच में पता चला है कि इस भ्रष्टाचारी सुपरिटेंडेंट इंजीनियर ने 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति बना रखी है. आरोपी के पास से लाखों के कैश के साथ, सोने और हीरे के गहने, सोने के बिस्कुट और करोड़ों की प्रॉपर्टी का पता चला है. आरोपी इंजीनियर की पहचान विनोद कुमार राय के तौर पर हुई है.

35 लाख रुपये की नकदी बरामद
आर्थिक अपराध शाखा (EOU) की टीम ने जब इंजीनियर के सीतामढ़ी के कार्यालय और पटना स्थित उसके आवास पर छापेमारी की तो जो भेद खुला उसे जानकर पूरी टीम भी हैरान रह गई. कार्रवाई के दौरान ईओयू की टीम को 35 लाख रुपये नकद, और लगभग 20 लाख रुपये के आधे जले नोट मिले. इसके अलावा 12 से अधिक बैंक डिपोजिट, करोड़ों की कीमत के प्लॉट, सोने के बिस्कुट सहित और भी कई चीजें मिली. बताया जा रहा है कि इनकी कीमत 100 करोड़ रुपये से ज्यादा है.
पत्नी ने की नोटों को जलाने की कोशिश
आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने जब विनोद कुमार राय से इन संपत्तियों के बारे में पूछताछ की तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया. वहीं आर्थिक अपराध शाखा की जांच में ये भी पता चला कि आरोपी की पत्नी ने नोटों को जलाने की कोशिश की, लेकिन नोट पूरे नहीं जल सके. EOU की टीम ने जली हुई करेंसी बरामद कर ली है.
ये भी पढ़ें- पटना के दरियावां-हिलसा स्टेट हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, 8 लोगों की हुई दर्दनाक मौत
EOU के अधिकारी भी नहीं लगा पाये अनुमान
ग्रामीण विभाग के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर के पास कितनी संपत्ति है इसका पता तो अभी EOU के अधिकारी भी नहीं लगा पाये हैं. अधिकारियों से जुड़े सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार इंजीनियर विनोद कुमार राय के पास 100 करोड़ रुपये की संपत्ति होने का अनुमान है.
वहीं बताया जा रहा है कि EOU की टीम विनोद कुमार राज की पत्नी बबली राय पर भी एक्शन लेने पर विचार कर रही है. फिलहाल आर्थिक अपराध शाखा की टीम मामले में और जानकारी जुटा रही है.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


