Bharat Express DD Free Dish

राजस्थान में ‘ऑपरेशन नकेल’: चंडीगढ़ से गुजरात जा रहे शराब से भरे कंटेनर को NH-52 पर जब्त किया, 2 तस्‍कर धरे

CHURU ILLEGAL LIQUOR SEIZED: राजस्थान के चूरू में ‘ऑपरेशन नकेल’ के तहत कोतवाली पुलिस ने एनएच-52 पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य की 961 कार्टन अवैध शराब से भरा कंटेनर जब्त किया है और दो तस्करों को गिरफ्तार किया है.

Churu Police Operation Nakel
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

चूरू (9 अगस्त 2026 / रिपोर्ट: अमित तिवारी): अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नकेल’ के तहत चूरू की कोतवाली थाना पुलिस ने रविवार को एक बड़ी और सफल कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-52 (NH-52) पर लाम्बा पेट्रोल पंप के पास नाकाबंदी के दौरान अवैध शराब से भरा एक विशाल कंटेनर पकड़ा है. कंटेनर से 961 कार्टन अवैध शराब बरामद की गई है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है.

चंडीगढ़ से गुजरात भेजी जा रही थी शराब की खेप

कोतवाली थाना अधिकारी (CI) गौरव खिडिया ने बताया कि पुलिस को एनएच-52 के रास्ते अवैध शराब से भरे संदिग्ध कंटेनर के गुजरने की गोपनीय सूचना मिली थी. इसके बाद स्पेशल टीम ने एएसआई सुरेश कुमार के नेतृत्व में लाम्बा पेट्रोल पंप के पास कड़ी नाकाबंदी की.

नाकाबंदी के दौरान जब संदिग्ध कंटेनर को रुकवाकर उसकी गहन तलाशी ली गई, तो उसके भीतर छुपाकर रखे गए 961 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब के पाए गए. पुलिस ने कंटेनर और शराब को तुरंत जब्त कर लिया. मौके से हरियाणा के बास पदमका निवासी दो तस्करों—नवीन और साहिल को गिरफ्तार किया गया.

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि शराब की यह बड़ी खेप चंडीगढ़ से लोड की गई थी और इसे गुजरात ले जाया जा रहा था.

राजस्‍थान: पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में पुलिस

पुलिस अब दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर तस्करी के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है. जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि शराब का मुख्य सप्लायर कौन है, यह माल गुजरात में किसे डिलीवर किया जाना था और इस अंतरराज्यीय सिंडिकेट के पीछे कौन-कौन से बड़े नाम शामिल हैं.

इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में एएसआई सुरेश कुमार के साथ कांस्टेबल पुष्पेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार, विकास कुमार, मोहरपाल, मुकेश और भीमसिंह शामिल रहे. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read