Delhi Shahbad Dairy Murder: राजधानी दिल्ली के बहुचर्चित शाहबाद डेयरी हत्याकांड में एक अहम मोड़ आया है.
लगभग 12 महीने से फरार चल रहे आरोपी रहमान खान उर्फ जुबेर (उम्र 24 वर्ष), निवासी शाहबाद डेयरी एक्सटेंशन पार्ट-2, सेक्टर-27, प्रकाश विहार, दिल्ली को अपराध शाखा की एनआर-II टीम ने उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से गिरफ्तार कर लिया है.
आरोपी एक क्रूर हत्या में शामिल था, जिसमें 10 व्यक्तियों ने मिलकर एक युवक सनी की पीट-पीटकर और चाकू मारकर हत्या कर दी थी.
मामले में हत्या और हथियार कानून की धाराओं में FIR दर्ज
यह घटना 30 जून 2024 की रात लगभग 10:15 बजे की है, जब घायल सनी को उसके रिश्तेदार BSA अस्पताल, रोहिणी लेकर गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.
शव पर चाकुओं के कई गहरे घाव थे, विशेष रूप से गुप्तांगों के पास. इस संबंध में एफआईआर संख्या 480/2024 थाना शाहबाद डेयरी में दर्ज की गई थी, जिसमें धारा 302/147/148/149/34 आईपीसी और 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी.
पुरानी रंजिश में आरोपी ने साथियों संग की सनी की हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि अजय उर्फ मोदी नामक युवक का मृतक से पुराना विवाद था. उसने अपने अन्य साथियों, जिनमें गिरफ्तार आरोपी जुबेर भी शामिल था, के साथ मिलकर सनी को रास्ते में रोका, पहले थप्पड़ मारा और फिर पूरी टोली ने उसे बेरहमी से पीटा.
अजय ने चाकू निकालकर सनी पर हमला किया जिससे उसकी मौत हो गई. इसके बाद सभी आरोपी फरार हो गए.
अपराध शाखा की टीम, जिसमें निरीक्षक संदीप स्वामी, उप निरीक्षक पंकज सरोहा, प्रधान सिपाही नवल, अजय और सिपाही योगेंद्र शामिल थे, ने DCP/Crime हर्ष इंदौरा और ACP नरेंद्र बेनीवाल के नेतृत्व में इस केस पर लगातार काम किया.
तकनीकी निगरानी से मिली सफलता
तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर जुबेर की लोकेशन हरदोई, यूपी में ट्रेस की गई. वहां शाहजहांपुर रोड, नेक्सर कॉलोनी मार्ग पर जाल बिछाकर टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया.
आर्थिक तंगी और गलत संगत ने जुबेर को बनाया अपराधी
पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह अजय उर्फ मोदी और अन्य आपराधिक प्रवृत्ति के युवकों की संगत में था. उसने आर्थिक तंगी के चलते 8वीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और मजदूरी करने लगा था.
इसी दौरान वह अपराध की दुनिया में फंस गया. आरोपी को दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 41.1 (ba) के तहत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस थाने को सौंप दिया गया है.
इस गिरफ्तारी से जहां हत्या के इस मामले में एक प्रमुख कड़ी पुलिस के हाथ लगी है, वहीं यह भी स्पष्ट होता है कि दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा निरंतर गंभीर अपराधों को सुलझाने और फरार आरोपियों को पकड़ने में सक्रिय है.
ये भी पढ़ें- Uttar Pradesh: वृंदावन और हरदोई के दर्दनाक हादसों पर CM योगी ने जताया दुख, जानें दो जिलों में कैसे गईं लोगों की जान
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



