Deepti Chaurasia Suicide Case Update: दिल्ली के वसंत विहार इलाके में कमला पसंद गुटखा कंपनी के मालिक कमल किशोर चौरसिया की बहू दीप्ति चौरसिया (40 वर्ष) का शव मिलने से कोहराम मच गया. दीप्ति के पति हरप्रीत चौरसिया ने बताया कि वो अपने घर पर ही पंखे से लटकी मिलीं. इसे आत्महत्या बताया जा रहा है.
दीप्ति के पति हरप्रीत चौरसिया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पंखे से लटकी मिली दीप्ति को तत्काल सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बता दें कि दीप्ति का हरप्रीत से विवाह 2010 में हुआ था और इस दंपति का एक 14 वर्षीय बेटा है.
सुसाइड नोट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस ने मौके से एक डायरी बरामद की है, जिसमें वैवाहिक कलह का जिक्र है. अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, लेकिन प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की पुष्टि हो रही है. दीप्ति के भाई ऋषभ चौरसिया ने परिवार पर कई चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा, “मेरे जीजा हरप्रीत ने अवैध रूप से दूसरी शादी कर ली है. उसकी दूसरी पत्नी दक्षिण भारतीय फिल्मों की एक्ट्रेस है और उनके साथ एक बेटी भी है.”

दीप्ति के भाई ने कहा- जीजा ने दूसरी शादी कर ली
दीप्ति के भाई ऋषभ ने आगे खुलासा किया कि 2011 में भांजे की डिलीवरी के बाद से सास और पति दीप्ति के साथ मारपीट करने लगे. ऋषभ ने कहा, “हम अपनी बहन को कोलकाता ले गए थे, लेकिन सास उसे वापस ले आईं. बहन मुझे फोन पर बताती रहती थी कि उसे टॉर्चर किया जाता है.” बकौल ऋषभ, “मुझे नहीं पता कि यह आत्महत्या है या हत्या. दो-तीन दिन पहले हमारी बात हुई थी. मुझे सिर्फ न्याय चाहिए.”

अलग-अलग फ्लैटों में रहते थे दीप्ति और हरप्रीत
पुलिस द्वारा बरामद डायरी में दीप्ति के द्वारा लिखा गया, “अगर किसी रिश्ते में प्यार और भरोसा नहीं तो फिर उस रिश्ते में रहने की और जीने की वजह क्या है. अब और नहीं सहन हो पाता.” अभी तक की जांच में पता चला है कि दीप्ति और हरप्रीत अलग-अलग फ्लैटों में रहते थे. ऋषभ के अनुसार, पति के अफेयर और दूसरी शादी से दीप्ति मानसिक रूप से टूट चुकी थीं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


