Love Crime: रील से लेकर रियल लाइफ तक आपने लव अफेयर के तमाम मामले देखे और सुने होंगे, लेकिन ऐसी दिल को छू जाने वाली प्रेम कहानी आपने शायद ना सुनी होगी और ना देखी होगी. जहां प्यार के दुश्मनों ने प्रेमी को मौत के घाट उतार दिया तो प्रेमिका ने प्रेमी के शव से ही शादी रचा ली. आइये बताते हैं क्या है ये अजब प्यार का गजब मामला.
दरअसल, महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. जहां एक परिवार ने अपनी बेटी के प्रेमी को इसलिए मार डाला क्योंकि वह लड़का दूसरी जाति का था. प्रेमी की मौत के बाद लड़की अपने प्रेमी के घर पहुंची और उसके शव के साथ विवाह रचा लिया. इस घटना का वीडियो अब वायरल हो रहा है.
अलग-अलग थी दोनों की जाति
सक्षम ताटे (20) और आंचल मामीडवार (21) एक दूसरे के साथ तीन साल से प्यार करते थे. जब आंचल के परिजनों को इस बात की जानकारी लगी तो वो इस रिश्ते के खिलाफ हो गए, क्योंकि दोनों की जाति अलग-अलग थी.
सक्षम की हत्या के बाद प्रेमिका आंचल उसके घर पहुंची और शव पर हल्दी और कुमकुम लगाया. इसके बाद यहीं हल्दी और कुमकुम उसने अपने माथे पर लगाकर शादी रचा ली. आंचल ने कहा कि अब वह सक्षम के घर पर ही रहेगी. मेरा प्रेमी मरकर भी जीत गया और मेरे माता-पिता उसे मारकर भी हार गए.
3 सालों से रिलेशनशिप में थे दोनों
आंचल ने मीडिया के सामने कहा कि हम दोनों ने मिलकर बहुत सारे सपने देखे थे. 3 साल से हम एक दूसरे को जानते थे. 27 नवंबर को 11 से 12 बजे के बीच मेरा भाई हीमेश मुझे पुलिस स्टेशन लेकर गया. जहां मुझपर सक्षम पर केस दर्ज करने को लेकर दबाव बनाने लगा. मैंने सक्षम पर केस करने से इनकार कर दिया. जिसके बाद वह बहुत गुस्से में था. हमारी जाति अलग थी इसलिए उसने सक्षम की हत्या कर दी.
आंचल ने कहा कि उन लोगों को सजा मिलनी चाहिये. उन्होंने बहुत ही बेरहमी से सक्षम की हत्या की है. उन्हें भी ऐसी ही मौत मिलनी चाहिये.
पीट-पीटकर हुई हत्या
इस मामले में दर्ज एफआईआर के मुताबिक सक्षम ताटे की पीट-पीटकर हत्या की गई है. डीएसपी प्रशांत शिंदे ने बताया कि इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है. आगे की कार्रवाई की जा रही है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

