Bharat Express DD Free Dish

CUET UG 2026: बस कुछ ही दिनों का इंतजार! NTA जल्द जारी करेगा डेटशीट, जानें कब होगी परीक्षा और कैसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड

NTA जल्द ही CUET UG 2026 की डेटशीट जारी करेगा. परीक्षाएं 11 से 31 मई के बीच कंप्यूटर बेस्ड मोड में होंगी. जानें एडमिट कार्ड और सिटी स्लिप की जानकारी.

CUET UG 2026 Exam Date

ये इमेज एआई द्वारा बनाई गई है.

CUET UG 2026 Exam Date: अगर आप भी इस साल 12वीं की परीक्षा दे रहे हैं और देश की टॉप सेंट्रल यूनिवर्सिटी में एडमिशन का सपना देख रहे हैं, तो ये जानकारी आपके लिए बहुत जरूरी है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) जल्द ही ‘कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट’ (CUET UG) 2026 की विस्तृत डेटशीट जारी करने वाली है. लाखों छात्र बेसब्री से इस टाइम टेबल का इंतजार कर रहे हैं ताकि वे अपने विषयों के हिसाब से रिवीजन और तैयारी का आखिरी प्लान बना सकें. जैसे ही डेटशीट आएगी, आप इसे आधिकारिक वेबसाइट cuet.nta.nic.in पर जाकर देख और डाउनलोड कर पाएंगे.

मई में सजेगा परीक्षा का मैदान

NTA के शुरुआती कैलेंडर पर नजर डालें तो CUET UG 2026 की परीक्षाएं 11 मई से 31 मई 2026 के बीच आयोजित की जानी हैं. ये परीक्षा पूरी तरह से कंप्यूटर आधारित यानी CBT मोड में होगी. छात्रों की भारी तादाद को देखते हुए इसे कई शिफ्टों में आयोजित किया जाएगा. परीक्षा न केवल भारत के अलग-अलग शहरों में होगी, बल्कि विदेशों में भी कई सेंटर बनाए गए हैं. अब बस उम्मीदवारों को उस ‘डिटेल्ड प्रोग्राम’ का इंतजार है जिसमें यह साफ होगा कि किस दिन कौन से सब्जेक्ट का पेपर है.

आवेदन का आखिरी मौका

इस बार आवेदन प्रक्रिया काफी चर्चा में रही है. NTA ने छात्रों की सहूलियत के लिए कई बार पोर्टल खोला. हाल ही में एजेंसी ने उन छात्रों के लिए एक बार फिर विंडो खोली है जो किसी कारणवश अपना फॉर्म नहीं भर पाए थे. ऐसे छात्र 23 से 26 फरवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. इससे पहले 9 से 11 फरवरी के बीच फॉर्म में सुधार (Correction) करने का भी मौका दिया गया था. अब जबकि आवेदन का काम लगभग पूरा हो चुका है, एजेंसी रोल नंबर अलॉट करने और परीक्षा केंद्रों को फाइनल करने में जुट गई है.

सिटी स्लिप और एडमिट कार्ड: कब क्या मिलेगा?

डेटशीट जारी होने के कुछ समय बाद NTA उम्मीदवारों के लिए ‘एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप’ जारी करेगा. इससे आपको यह पता चल जाएगा कि आपका एग्जाम किस शहर में होने वाला है, ताकि आप आने-जाने का इंतजाम पहले से कर सकें. बात करें एडमिट कार्ड की, तो यह परीक्षा शुरू होने से महज 3 से 4 दिन पहले वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा.

वहीं, इस परीक्षा में ढेर सारे विषय, भाषाएं और जनरल टेस्ट शामिल होते हैं, इसलिए हर छात्र का शेड्यूल अलग-अलग हो सकता है. छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान देने के बजाय आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी नजर टिकाए रखें.

ये भी पढ़ें:मौत का अधिकार या कानूनी पहेली! आखिर क्या है इच्छामृत्यु और भारत में इसके प्रावधान? Explainer

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read