बिना JEE परीक्षा के IIT में एडमिशन
IIT Admission without JEE 2026: हर छात्र का सपना देश के किसी शीर्ष तकनीकी संस्थान यानी आईआईटी (IIT) में पढ़ने का होता है, लेकिन कई बार जेईई (JEE) की परीक्षा न दे पाने या सफल न होने के कारण यह सपना अधूरा सा लगने लगता है. अगर आपके साथ भी ऐसा ही है, तो निराश होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. अब बिना जेईई परीक्षा दिए भी आईआईटी मद्रास से पढ़ाई करने का शानदार मौका मिल रहा है.
IIT मद्रास का खास बीएस प्रोग्राम
आईआईटी मद्रास ने उन छात्रों के लिए अपने दरवाजे खोल दिए हैं जो जेईई में शामिल नहीं हो पाए थे. संस्थान की ओर से नॉन-कैंपस बीएस डिग्री प्रोग्राम ऑफर किए जा रहे हैं. इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि छात्र बिना कैंपस में रहे आईआईटी जैसी प्रतिष्ठित जगह से उच्च शिक्षा हासिल कर सकते हैं. इन कोर्सेस की सबसे अच्छी बात इनकी फ्लेक्सिबिलिटी है, यानी छात्र अपनी रेगुलर कॉलेज की पढ़ाई या नौकरी के साथ-साथ इसे आसानी से जारी रख सकते हैं.
संस्थान डेटा साइंस और एप्लीकेशन, इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम, मैनेजमेंट और डेटा साइंस, तथा एरोनॉटिक्स और स्पेस टेक्नोलॉजी जैसे आधुनिक और डिमांडिंग क्षेत्रों में ये प्रोग्राम दे रहा है. पढ़ाई पूरी तरह ऑनलाइन और टेक्नोलॉजी-बेस्ड होती है, जिसमें आईआईटी मद्रास के बेहतरीन प्रोफेसर्स द्वारा तैयार किए गए लेक्चर शामिल होते हैं. छात्र अपनी सुविधा के अनुसार वीडियो कभी भी देख सकते हैं और लाइव सेशन के जरिए अपने डाउट्स भी क्लियर कर सकते हैं.
कौन कर सकता है आवेदन?
इस कोर्स में एडमिशन के लिए किसी भी स्ट्रीम से 12वीं पास होना अनिवार्य है, बशर्ते छात्र ने 10वीं कक्षा में गणित और विज्ञान की पढ़ाई की हो. सबसे अच्छी बात यह है कि इसके लिए कोई आयु सीमा तय नहीं की गई है, यानी किसी भी उम्र के लोग आवेदन कर सकते हैं.
बिना जेईई वाले छात्रों के लिए एडमिशन का रास्ता पूरी तरह से मेरिट-आधारित और पारदर्शी है. योग्य उम्मीदवारों को चार हफ्ते की एक क्वालिफायर प्रक्रिया से गुजरना होता है, जिसमें ऑनलाइन क्लासेज और असाइनमेंट्स शामिल होते हैं. जो छात्र इस प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा कर लेते हैं, उन्हें कोर्स में पक्का एडमिशन मिल जाता है.
ये भी पढ़ें- 11 सितंबर को दिल्ली के सभी स्कूल रहेंगे बंद, जानें किस वजह से लिया गया ये फैसला
आवेदन की आखिरी तारीख
सितंबर सेशन के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अप्लाई करने की आखिरी तारीख 27 सितंबर 2026 है. जो उम्मीदवार इस सुनहरे मौके का फायदा उठाना चाहते हैं, वे आईआईटी मद्रास की ऑफिशियल वेबसाइट study.iitm.ac.in पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




