Bharat Express DD Free Dish

RGPV में परीक्षा से ठीक पहले मची खलबली, पुलिस और विपक्ष ने मोर्चा संभाला; जानें क्या है पूरा मामला

RGPV Paper Leak Case: मध्य प्रदेश के तकनीकी विश्वविद्यालय (RGPV) में परीक्षा से ठीक पहले प्रश्नपत्रों के 9 बंडल गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यूनिवर्सिटी प्रशासन ने आनन-फानन में परीक्षा को अगले आदेश तक स्थगित कर FIR दर्ज कराई है.

Bhopal RGPV paper stolen

RGPV Paper Leak Case: मध्य प्रदेश के सबसे बड़े तकनीकी विश्वविद्यालयों में से एक राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) में परीक्षा से ठीक पहले प्रश्नपत्र चोरी होने का गंभीर मामला सामने आया है. अलग-अलग विषयों के प्रश्नपत्रों के करीब 9 बंडल गायब होने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन में हड़कंप मच गया है, जिसके बाद आगामी परीक्षा को अगले आदेश तक टाल दिया गया है.

मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) में शुक्रवार को स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी के सेकंड ईयर (चौथे सेमेस्टर) के कंप्यूटर विषय की परीक्षा होनी थी. सुबह 11 बजे छात्र परीक्षा देने पहुंचे ही थे कि ठीक पहले उन्हें एग्जाम रद्द होने की सूचना दी गई. बाद में पता चला कि परीक्षा के गोपनीय प्रश्नपत्रों के करीब 9 बंडल गायब हो गए हैं, जिससे पूरी गोपनीयता भंग हो गई.

मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन एक्शन लिया (MP university exam cancelled)

यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन एक्शन लिया और भोपाल के गांधीनगर थाने में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, यह चोरी गुरुवार देर रात को अंजाम दी गई थी. पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने में जुट गई है कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बीच से प्रश्नपत्र कैसे गायब हुए.

परीक्षा व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े (Bhopal Gandhinagar police station FIR)

इस घटना ने विश्वविद्यालय की गोपनीय परीक्षा व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं, इस मुद्दे को लेकर सूबे की सियासत भी गरमा गई है. कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया. उन्होंने लिखा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के राज में चोर इतने बेखौफ हैं कि अब छात्रों का भविष्य भी सुरक्षित नहीं है. सिंघार ने इसे युवाओं की मेहनत और विश्वास की चोरी करार दिया.

यह भी पढ़ें:  राम मंदिर में चोरी मामले पर भड़के ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास महाराज, बोले- चोरों को सीधे फांसी दे दो

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read