Bharat Express DD Free Dish

मोकामा में बाहुबलियों की टक्कर! JDU के अनंत सिंह ने सूरजभान सिंह को दी खुली चुनौती, ‘हर बार हारे हैं, अब भी हारेंगे’

Anant Singh Mokama Election: जेडीयू के उम्मीदवार अनंत कुमार सिंह ने कहा कि सूरजभान सिंह को आप लोग बड़ा चैलेंज बना रहे हैं, लेकिन मैं 20-25 साल से लड़ रहा हूं. वे हर बार हारे हैं और इस बार भी हारेंगे.

Anant Singh Mokama Election

Anant Singh Mokama Election: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बिहार में राजनीतिक तपिश बढ़ रही है. सभी राजनीतिक दल एक-दूसरे पर जीत का दावा कर रहे हैं. इसी बीच बिहार के मोकामा विधानसभा क्षेत्र से जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के उम्मीदवार अनंत कुमार सिंह ने जीत का दावा करते हुए राजद प्रत्याशी को खुली चुनौती दी है. उन्होंने कहा कि जनता का साथ हमारी सबसे बड़ी ताकत है और हम इस बार भी मोकामा विधानसभा सीट पर जीत का परचम लहराएंगे.

मोकामा विधानसभा सीट से बाहुबली अनंत सिंह और सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी आमने-सामने हैं.

‘सूरजभान सिंह हर बार हारे हैं’

उन्होंने खुली चुनौती देते हुए कहा कि सूरजभान सिंह को आप लोग बड़ा चैलेंज बना रहे हैं, लेकिन मैं 20-25 साल से लड़ रहा हूं. वे हर बार हारे हैं और इस बार भी हारेंगे.”

अनंत सिंह ने स्पष्ट किया कि उन्हें न तो बाहुबल का डर है और न ही चुनाव में हिंसा की आशंका. उन्होंने कहा कि मेरी नजर में ऐसी कोई बात नहीं है.”

राजद पर कसा तंज

चुनावी माहौल में राजद और कांग्रेस के बीच टिकट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर तंज कसते हुए अनंत सिंह ने कहा, “सुनने में आया है कि सात जगहों पर दोनों पार्टियां अपने-अपने उम्मीदवार उतार रही हैं. इनकी साझेदारी टूट चुकी है.”

उन्होंने राजद द्वारा मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब को टिकट देने पर भी निशाना साधा और कहा, “मैं इन बातों पर ध्यान नहीं देता. जब वहां कुछ है ही नहीं, तो देखने का क्या मतलब?”

राजद पर जंगलराज लाने का लगाया आरोप

उन्होंने राजद पर जंगलराज लाने की मंशा का आरोप लगाते हुए कहा कि वे चाहते हैं कि जंगलराज आए, लेकिन ऐसा कभी नहीं होगा.

अनंत सिंह ने अपने और जनता के बीच गहरे रिश्ते को अपनी ताकत बताया. उन्होंने कहा कि हम जनता के साथ रहते हैं, यही वजह है कि जनता हमें इतना प्यार देती है.

नीतीश कुमार के शासन में विकास के रास्ते पर बिहार

उन्होंने नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि नीतीश कुमार पहले मुझे मंत्री बनाना चाहते थे, लेकिन मैंने कहा कि मुझे वही चाहिए, जो जनता ने मुझे दिया है. इस बार मैं सोचूंगा, अगर जनता कहेगी कि मुझे मंत्री बनना चाहिए, तो मैं बनूंगा. जनता मुझसे प्रेम करती है और हम जनता से प्रेम करते हैं.

ये भी पढ़ें- बंगाल की अनोखी दिवाली: जहां चिता न आने तक नहीं चढ़ता भोग; चीनी काली मंदिर में भी है खास परंपरा

विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष मुकेश साहनी से जुड़े सवाल पर अनंत सिंह ने कहा,

“उन्हें मेरी पार्टी में आ जाना चाहिए. हमारी पार्टी सभी को इज्जत देती है और हम उन्हें स्वीकार करेंगे.”

लालू यादव का बेटा होना तेजस्वी की पहचान

वहीं, राजद नेता तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि लालू यादव अगर आज नहीं रहें, तो तेजस्वी को कोई नहीं जानता. उनकी कोई अपनी खूबी नहीं, बस लालू के बेटे होने की वजह से पहचान है.

इस दौरान अनंत सिंह ने पीएम मोदी की तारीफ भी की. अनंत सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी को अच्छा इंसान बताया. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी अच्छे इंसान हैं. वो बिहार का विकास कर रहे हैं. पहले के मुकाबले अब बिहार काफी बदल चुका है. सड़कें और पुल बनाये गए हैं. पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार तरक्की के रास्ते पर चल रहा है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read