Bharat Express DD Free Dish

बिहार चुनाव पर CEC ज्ञानेश कुमार की प्रेस कॉन्फ्रेंस जारी, बोले-‘SIR पूरे देश में होगा लागू’, किसी भी बूथ पर 1200 से ज्यादा नहीं होंगे मतदाता

बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चुनाव आयोग ने बड़ी घोषणाएं की हैं. हर बूथ पर 100% वेब कास्टिंग होगी, वोटर लिस्ट शुद्धिकरण पूरा हुआ और नई वोटिंग व्यवस्था लागू की गई है.

Bihar Election 2025

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी दी. मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त हो रहा है और उससे पहले ही चुनाव संपन्न हो जाएंगे. इस दौरान आयोग ने कई नई पहल की घोषणा की, जिन्हें आगे पूरे देश में लागू किया जाएगा.

SIR प्रक्रिया पूरी, BLO का आभार

प्रेस वार्ता की शुरुआत में चुनाव आयोग ने बताया कि बिहार में SIR प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है. इस दौरान वोटर लिस्ट को शुद्ध करने का काम BLO ने बखूबी किया है. आयोग ने इसके लिए BLO का धन्यवाद भी किया.

22 नवंबर से पहले संपन्न होंगे चुनाव

मुख्य चुनाव आयुक्त ने स्पष्ट किया कि बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त हो रहा है. इसलिए चुनाव उसी से पहले कराए जाएंगे. बिहार में कुल 243 विधानसभा सीटें हैं. उन्होंने कहा कि आयोग की पूरी टीम पिछले दो दिनों से बिहार में मौजूद है. इस दौरान पटना में राजनीतिक दलों, प्रशासनिक अधिकारियों, प्रवर्तन एजेंसियों, मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई.

बूथ व्यवस्था और नई सुविधाएं

चुनाव आयोग ने इस बार BLO (Booth Level Officer) की पहचान सुनिश्चित करने के लिए नया पहचान पत्र (ID कार्ड) जारी किया है. अब मतदाता आसानी से अपने BLO को पहचान पाएंगे. इसके अलावा एक नई व्यवस्था भी शुरू की गई है. अब वोटिंग के समय मोबाइल फोन बूथ के बाहर जमा किया जा सकेगा. पहले मतदाताओं को मोबाइल घर पर छोड़कर आना पड़ता था.

ये भी पढ़ें: बिहार के रण में BJP का नया दांव, ‘सुझाव यात्रा’ से पहले पेश करेगी 5 साल का रिपोर्ट कार्ड, QR कोड से भी लेगी इनपुट

हर बूथ पर 1200 से ज्यादा वोटर नहीं

सीईसी ने कहा कि अब देश के किसी भी मतदान केंद्र पर 1200 से अधिक वोटर नहीं होंगे. इससे मतदान प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और सुगम होगी. मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि इस बार बिहार में 100 प्रतिशत वेब कास्टिंग की जाएगी. हर पोलिंग स्टेशन पर निगरानी के लिए कैमरे लगाए जाएंगे.

इसके अलावा, वन स्टॉप डिजिटल प्लेटफॉर्म भी लागू किया जाएगा, जिससे उम्मीदवारों और अधिकारियों को रीयल टाइम जानकारी मिलेगी. हर प्रत्याशी को बूथ से 100 मीटर की दूरी तक एजेंट तैनात करने की अनुमति होगी.

अब रंगीन फोटो के साथ बैलेट पेपर

EVM पर लगने वाले बैलेट पेपर में अब बड़ा बदलाव किया गया है. पहले ये ब्लैक एंड व्हाइट होते थे, जिससे पहचान में दिक्कत होती थी. अब बिहार चुनाव से ही रंगीन फोटो और स्पष्ट फ़ॉन्ट में सीरियल नंबर दिए जाएंगे, जिससे मतदाता आसानी से उम्मीदवार को पहचान सकें. चुनाव आयोग की नई पहलें बिहार के आगामी चुनाव को अधिक पारदर्शी, तकनीकी और सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही हैं.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read