Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

केदारनाथ की सीट से BJP प्रत्याशी आशा नौटियाल ने दर्ज की जीत, कांग्रेस नेता हरीश रावत ने बताया चिंताजनक

केदारनाथ विधानसभा की सीट पर भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल ने 5,622 वोटों से जीत हासिल की है. जिसपर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने इस परिणाम को चिंताजनक करार दिया है.

Asha Nautiyal

Kedarnath By Election Result 2024: उत्तराखंड की केदारनाथ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के परिणाम भारतीय चुनाव आयोग ने 23 नवंबर को जारी कर दिए हैं. इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल को जीत मिली है. भाजपा प्रत्याशी को कुल 23,814 वोट मिले हैं. वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी मनोज रावत को 18,192 वोट मिले. आशा नौटियाल ने 5,622 वोटों से जीत हासिल की है. इस सीट पर नोटा को 834 वोट मिले.

केदारनाथ विधानसभा सीट पर जीत हासिल करने के बाद आशा नौटियाल ने कहा है कि विकास के मुद्दों पर हम लोगों ने चुनाव लड़ा है. इस चुनाव में विपक्ष सिर्फ लोगों को भ्रमित करने का काम कर रहा था. विपक्ष कभी भी जनता के हित की बात करते हुए नजर नहीं आया. जबकि भाजपा ने सिर्फ विकास की बात की है. मैं सभी मतदाताओं और कार्यकर्ताओं को तहे दिल से धन्यवाद करती हूं कि उन्होंने विकास के मुद्दे पर भाजपा को जीत दिलाने में भूमिका निभाई है.

विकास कार्यों को बताया जीत का कारण

उन्होंने आगे कहा, “केदारनाथ विधानसभा और केदारनाथ में विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अगुवाई में लगातार काम किया जा रहा है. भाजपा के विकास कार्यों पर जनता ने अपनी मुहर लगाई है.”

हरीश रावत ने बीजेपी की जीत को बताया चिंता जनक

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव परिणाम पर चिंता जताते हुए कहा कि यह नतीजे पूरे उत्तराखंड की बात करने वाले लोगों के लिए भी चिंताजनक हैं. वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने केदारनाथ की जनता का आभार जताते हुए कहा कि केदारनाथ की जनता ने केंद्र और राज्य सरकार की तमाम विकास योजनाओं पर अपनी मुहर लगाई है. हरीश रावत ने मीडिया ये बात करते हुए कहा,  यह सिर्फ कांग्रेस के लिए ही चिंताजनक बात नहीं है, बल्कि जो सारे उत्तराखंड, केदारनाथ और पहाड़ की बात करते हैं, उन सबके लिए भी चिंताजनक पहलू है.”

केदारनाथ यात्रा को बेहतर करने का काम करेंगे

आशा नौटियाल के पास अब दो साल का वक्त है जिसमें उनको चुनाव के दौरान उठाए गए मुद्दों को धरातल पर लाने की चुनौती है. इस पर आशा नौटियाल ने कहा है कि मुझसे पहले यहां पर पूर्व में जो भाजपा की विधायक थीं, उन्होंने केदारनाथ विधानसभा में काफी विकास के कार्य किए. बचे हुए कार्यों को हम आगे लेकर जाएंगे. केदारनाथ यात्रा को बेहतर करने का काम करेंगे. युवाओं को रोजगार दिलाने का काम करेंगे. मुझे जितना समय मिला है, उसमें मेरा पूरा समय केदारनाथ के विकास के लिए समर्पित होगा.

बता दें कि शनिवार सुबह 8 बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना शुरू हुई थी और 13 राउंड के बाद भाजपा प्रत्याशी को 5,622 मतों से जीत हासिल हुई है.

(समाचार एजेंसी IANS की फीड के साथ)

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital