Bharat Express DD Free Dish

Bihar: लोजपा चीफ चिराग पासवान को बम से उड़ाने की धमकी, सारी सीटों पर चुनाव लड़ने का किया था ऐलान

Bomb Threat to Chirag Paswan: बिहार में चिराग पासवान को बम से उड़ाने की धमकी मिली. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. कुछ ही दिन पहले चिराग ने सभी 243 सीटों पर लड़ने का ऐलान किया था.

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Bihar News: बिहार में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. यह घटना ऐसे समय में हुई है जब बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. धमकी मिलने के बाद चिराग ने तुरंत पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया.

पटना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी है.

चिराग की राजनीतिक सक्रियता

चिराग पासवान, जो 2024 के लोकसभा चुनाव में हाजीपुर सीट से भारी मतों से जीते थे, वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में केंद्रीय मंत्री हैं. इससे पहले, उन्होंने बॉलीवुड में अभिनय के क्षेत्र में भी कदम रखा था. अब वे अपने पिता रामविलास पासवान की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं. हाल ही में छपरा में आयोजित ‘नव संकल्प महासभा’ में चिराग ने बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की थी. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी एनडीए का हिस्सा रहेगी, लेकिन वे बिहार के विकास के लिए हर सीट पर मजबूती से लड़ेंगे.

विरोधियों पर साजिश का आरोप

चिराग ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि कुछ लोग उन्हें बिहार में चुनाव लड़ने से रोकने की साजिश रच रहे हैं. उन्होंने कहा, “मुझे बिहार आने से रोकने की कोशिश हो रही है, लेकिन मैं डरने वाला नहीं हूं.” उन्होंने बिहार के लोगों के लिए एक ऐसी व्यवस्था बनाने का वादा किया जो राज्य को विकास की राह पर ले जाए. चिराग ने कहा, “मैं बिहारियों, अपने भाइयों, माताओं और बहनों के लिए लडूंगा.”

पुलिस ने क्‍या कदम उठाया है?

धमकी के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और मामले की गहन जांच शुरू की है. यह घटना बिहार की राजनीतिक गतिविधियों में तनाव बढ़ा सकती है, खासकर जब चुनाव नजदीक हैं.

यह भी पढ़िए: धान के खेत में पानी और आग की अजब जुगलबंदी, टांडा बना चर्चा का केंद्र, गांववालों में मचा हड़कंप



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read