Bihar Chunav 2025: बिहार चुनाव को लेकर आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने कमर कस ली है. वे लोगों के बीच जाकर सभाएं कर रहे हैं. उनके साथ चुनावी रणनीति बना रहे हैं. उनकी सभाओं में उमड़ रही भीड़ ये बताने के लिए काफी है कि आरजेडी से अलग होकर भी तेज प्रताप यादव के जनाधार में कोई कमी नहीं है.
इसी बीच शुक्रवार को तेज प्रताप यादव ने कुछ ऐसा कह दिया कि राजनीतिक गलियारों में उनकी चर्चाएं चलने लगी. तेज प्रताप यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वे बिहार के लिए मर-मिटने के लिए तैयार हैं. वो युवाओं के लिए काम करना चाहते हैं.
Patna, Bihar: Former Minister Tej Pratap Yadav says, “Becoming Chief Minister or not is in the hands of the people. Our vision is how to stop migration, how to reduce unemployment, and how to free Bihar from corruption…” pic.twitter.com/4YIV2z0Duy
— IANS (@ians_india) September 5, 2025
स्मार्ट सिटी नहीं स्मार्ट गांव चाहिये
मीडिया से बातचीत में तेज प्रताप ने कहा “जिस तरह से पिता जी ने कहा था कि स्मार्ट सिटी नहीं स्मार्ट गांव होना चाहिये, तो हम भी स्मार्ट गांव बनाकर देने का काम करेंगे. यह मेरा वादा है. हम इसके लिए लड़ जाएंगे…मर जाएंगे, लेकिन हम ये काम कराकर रहेंगे. तेज प्रताप यादव ने कहा कि जिस तरह से महुआ के लोगों को हमने काम कराकर दिया है. उसी तरह से बिहार के लोगों के लिए भी काम कराकर देंगे.”
महागठबंधन के लोग मेरे साथ आ रहे हैं
मीडिया के सवालों के जवाब देते हुए तेज प्रताप ने कहा कि, हम अब आरजेडी में नहीं हैं, इसलिए हम उनके बारे में कुछ नहीं कहना चाहते हैं. महागठबंधन के लोग मेरे साथ आ रहे हैं. हमारे साथ तो सब लोग जुड़ रहे हैं. जिस भी जिले में हमारी सभा हो रही है, लोग मुझे देखने के लिए आ रहे हैं. सब लोग अपने-अपने तरीके से जनता के बीच जाने के लिए रास्ता खोजते हैं, लेकिन हम गांव की पगडंडियों को पकड़कर चलना चाहते हैं.
घूम-घूमकर कर रहे जनसभा
बता दें कि, तेज प्रताप यादव को आरजेडी ने 6 सालों के लिए बाहर का रास्ता दिखा दिया है. जिसके बाद से तेज प्रताप यादव ‘टीम तेज प्रताप यादव’ बनाकर अपनी चुनावी तैयारी शुरू कर दी है. उन्होंने कहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव में वे खुद लड़ेंगे साथ ही अपने कई और लोगों को भी चुनावी मैदान में उतारेंगे. चुनाव से पहले तेज प्रताप बिहार के कई जिलों जिसमें बेगूसराय, जहानाबाद, पटना के मनेर और वैशाली के महुआ में अलग-अलग जगहों पर अपनी जनसभाएं कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- धर्म की आड़ में राष्ट्र का अपमान! श्रीनगर की हजरतबल दरगाह से राष्ट्रीय प्रतीक को हटाने पर गरमाई राजनीति
जो वादा किया उसे पूरा किया
तेज प्रताप की सभाओं में युवाओं की जबरदस्त भीड़ दिख रही है. मीडिया से बातचीत करते हुए तेज प्रताप यादव ने वादा किया कि जैसे हमने महुआ के लिए मेडिकल कॉलेज का वादा किया था और उसे पूरा किया. उसी तरह से हम जो भी वादा करेंगे उसे पूरा करेंगे. वो बिहार में बढ़ रही बेरोजगारी, महंगाई और क्राइम को खत्म करने का काम करेंगे.
अब आने वाले विधानसभा चुनाव में तेज प्रताप यादव बिना आरजेडी के सहारे कितना सफल होते हैं. ये तो वक्त ही बताएगा.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



