Bihar Elections 2025: आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि जिस तरह से घटना हुई और उसे अंजाम दिया गया, वो होना ही था. तेजस्वी ने बिहार में बढ़ते अपराध पर चिंता जताते हुए कहा कि रोहतास और आरा में पिता-पुत्र की हत्या कर दी गई और हर दिन बिहार में गोलियां चल रही हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि ये सब उन्हें दिखाई नहीं देता.
तेजस्वी का दावा
तेजस्वी ने दावा किया कि महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है. उन्होंने कहा कि 14 तारीख को चुनाव का नतीजा आएगा, 18 को शपथ होगी और 26 नवंबर से 26 जनवरी के बीच सभी अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधी चाहे किसी भी जाति या धर्म का हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा. खरवास के दौरान ही तेजस्वी ने सभी अपराधियों को जेल भेजने का संकल्प लिया है.
रोड शो पर तंज
प्रधानमंत्री के रोड शो पर तंज कसते हुए तेजस्वी ने कहा, “ये लोग गुजरात में फैक्ट्री लगाएंगे और बिहार में विक्ट्री चाहते हैं, ऐसा नहीं होने वाला है.” उन्होंने एनडीए के रोजगार वादों को जुमला बताते हुए कहा कि 11 साल प्रधानमंत्री रहने के बावजूद देश में नौकरी नहीं दी गई और अब बिहार में एक करोड़ रोजगार देने की बात की जा रही है. तेजस्वी ने कहा कि इस बार जनता इनके झांसे में नहीं आने वाली है.
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि एनडीए ऐसे लोगों को संरक्षण देता है जो अपराध में लिप्त हैं. उन्होंने जनता से अपील की कि इस बार बदलाव लाना है और महागठबंधन की सरकार बनानी है जो कानून का राज स्थापित करेगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
