Bharat Express DD Free Dish

सासू मां डिंपल कपाड़िया संग बाबा महाकाल के दरबार पहुंचे अक्षय कुमार, ‘भूत बंगला’ की रिलीज से पहले मांगी देश के लिए दुआ

अक्षय कुमार और डिंपल कपाड़िया ने उज्जैन के महाकाल मंदिर में भस्म आरती और विशेष पूजा की. जानिए अक्षय ने बाबा महाकाल से क्या मन्नत मांगी और उनकी फिल्म ‘भूत बंगला’ कब रिलीज हो रही है. पूरी खबर यहाँ पढ़ें.

Akshay Kumar, Ujjain Mahakal, Dimple Kapadia

Akshay Kumar in Ujjain: उज्जैन की गलियों में आज सुबह उस वक्त हलचल बढ़ गई, जब बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार अचानक बाबा महाकाल के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंच गए. अक्षय अकेले नहीं थे, उनके साथ उनकी सासू मां और दिग्गज अभिनेत्री डिंपल कपाड़िया भी नजर आईं. बुधवार, 1 अप्रैल की सुबह दोनों ने विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में माथा टेका और भगवान शिव का आशीर्वाद लिया.

भक्ति में लीन दिखे अक्षय और डिंपल

अक्षय कुमार का शिव प्रेम किसी से छिपा नहीं है. वे अक्सर खास मौकों पर उज्जैन आते रहते हैं. इस बार भी वे पूरी श्रद्धा के साथ भस्म आरती और विशेष पूजा-अर्चना में शामिल हुए. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में अक्षय और डिंपल मंदिर के नियमों का पालन करते हुए पारंपरिक वेशभूषा में बाबा की भक्ति में लीन दिखाई दे रहे हैं. दोनों ने काफी समय मंदिर परिसर में बिताया और नंदी हॉल में बैठकर प्रार्थना की.

देश की तरक्की के लिए मांगी दुआ

मंदिर से बाहर निकलते वक्त जब मीडिया ने अक्षय से उनकी मन्नत के बारे में पूछा, तो उन्होंने बहुत ही सादगी भरा जवाब दिया. अक्षय ने कहा, “महाकाल के दरबार में आकर मैंने सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए दुआ मांगी है. मैं चाहता हूं कि हमारा देश हमेशा इसी तरह प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे और हर भारतीय खुशहाल रहे.” अक्षय की यह बात सोशल मीडिया पर उनके फैंस का दिल जीत रही है. लोग उनकी देशभक्ति और सादगी की जमकर तारीफ कर रहे हैं.

‘भूत बंगला’ की रिलीज से पहले लिया आशीर्वाद

बता दें कि अक्षय कुमार इन दिनों अपनी मच-अवेटेड फिल्म ‘भूत बंगला’ को लेकर चर्चा में हैं. दिलचस्प बात यह है कि बरसों बाद अक्षय और मशहूर निर्देशक प्रियदर्शन की जोड़ी इस फिल्म के जरिए वापसी कर रही है. यह एक हॉरर-कॉमेडी फिल्म है, जिसे लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज है. फिल्म 10 अप्रैल 2026 को बड़े पर्दे पर दस्तक देने वाली है. माना जा रहा है कि अपनी इस बड़ी फिल्म की कामयाबी के लिए ही अक्षय बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने उज्जैन पहुंचे हैं.

ये भी पढ़ें- ‘धुरंधर’ देखकर विक्की कौशल ने रणवीर सिंह को बताया अपनी ‘प्रेरणा’, लेकिन इन सुपरस्टार्स का नहीं लिया नाम

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read