दिव्य प्रेम सेवा मिशन के सेवा कार्यों के सिलसिले में आयोजित ऐतिहासिक महानाटक ‘जाणता राजा’ के छठे दिन बीजेपी के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा देखने को मिला. पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग ठाकुर, दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी और उत्तर प्रदेश बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश राणा ने कार्यक्रम में शिरकत की और दर्शकों में नया जोश भरा.
अनुराग ठाकुर ने प्रदर्शनकारियों पर बोला हमला
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे लोगों पर सीधा निशाना साधा और उन्हें ‘नए मुगल’ करार दिया. उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को भारत की महान संस्कृति और समृद्ध विरासत की कोई समझ नहीं है. देश में सत्ता परिवर्तन की साजिश रचने वाली ताकतों को चेतावनी देते हुए ठाकुर ने कहा कि भारत का युवा देश को किसी भी विदेशी प्रभाव में नहीं जाने देगा.
उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज और महाराणा प्रताप के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि शिवाजी महाराज की लड़ाई हिंदवी स्वराज की स्थापना और स्वाभिमान की रक्षा के लिए थी. इसके साथ ही उन्होंने ‘जाणता राजा’ के दिवंगत लेखक पद्म विभूषण बाबासाहेब पुरंदरे को भी श्रद्धांजलि अर्पित की.
मनोज तिवारी ने जगाया देशभक्ति का जज्बा
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि वह अब तक तीन बार ‘जाणता राजा’ महानाटक देख चुके हैं. उन्होंने कविता पाठ के जरिए युवाओं को छत्रपति शिवाजी महाराज के साहस से प्रेरणा लेने का आह्वान किया. वहीं, सुरेश राणा ने कवि प्रदीप की मशहूर देशभक्ति रचना ‘इस मिट्टी से तिलक करो, यह धरती है बलिदान की’ पेश की, जिसे सुनकर सनसिटी में मौजूद हजारों छात्रों ने ‘वंदे मातरम’ और ‘जय भवानी, जय शिवाजी’ के गगनभेदी नारे लगाए.
आयोजन समिति के संयोजक विनय चौधरी ने घोषणा की कि 28 अक्टूबर का शो सभी के लिए पूरी तरह निशुल्क रहेगा और दर्शकों के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी की जाएगी.
यह भी पढ़ें: कौन हैं नीलम गिरी जिसे गले लगाते ही चर्चा में आए पवन सिंह, सम्राट चौधरी का रिएक्शन देख रह गए सब हैरान, वीडियो वायरल
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




