B Praak Death Threat: मशहूर पंजाबी और बॉलीवुड सिंगर B Praak को लेकर एक बेहद परेशान करने वाली खबर सामने आ रही है. सिद्धू मूसेवाला कांड के बाद से ही पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री पर काले साये की तरह मंडरा रहा लॉरेंस बिश्नोई गैंग अब बी प्राक के पीछे पड़ गया है. खबर है कि सिंगर से 10 करोड़ रुपये की मोटी फिरौती मांगी गई है और पैसे न देने पर उन्हें ‘मिट्टी में मिला देने’ की खौफनाक धमकी मिली है.
कैसे शुरू हुआ धमकियों का सिलसिला?
इस पूरे मामले की शुरुआत बी प्राक के करीबी और पंजाबी सिंगर दिलनूर के जरिए हुई. दरअसल, बदमाश सीधे बी प्राक तक नहीं पहुंच पा रहे थे, इसलिए उन्होंने उनके साथी दिलनूर को निशाना बनाया.
जानकारी के मुताबिक, 5 जनवरी को दिलनूर के फोन पर दो अनजान कॉल आए, लेकिन अनजान नंबर देखकर उन्होंने फोन नहीं उठाया. अगले दिन यानी 6 जनवरी को एक विदेशी नंबर से फिर कॉल आया. इस बार जब दिलनूर ने बात की, तो उन्हें सामने वाले की आवाज और लहजा संदिग्ध लगा, जिसके बाद उन्होंने फोन काट दिया.
‘मिट्टी में मिला देंगे’- डरावना वॉइस मैसेज
फोन कटने के तुरंत बाद दिलनूर के पास एक वॉइस मैसेज आया, जिसे सुनकर उनके होश उड़ गए. मैसेज भेजने वाले ने अपना नाम आरजू बिश्नोई बताया और दावा किया कि वह लॉरेंस बिश्नोई के लिए काम करता है.
ऑडियो में साफ शब्दों में कहा गया- “यह मैसेज बी प्राक तक पहुंचा दो कि हमें 10 करोड़ रुपये चाहिए. तुम्हारे पास एक हफ्ते का समय है. तुम चाहे किसी भी देश में चले जाओ, अगर उससे जुड़ा कोई भी बंदा आसपास मिला, तो भारी नुकसान करेंगे. इसे फेक कॉल समझने की गलती मत करना, वरना मिट्टी में मिला देंगे.”
बता दें कि आरजू बिश्नोई फिलहाल विदेश में छिपा बैठा है और वहीं से जबरन वसूली का नेटवर्क चला रहा है.
ये भी पढ़ें- Don 3 में शाहरुख खान की वापसी? रणवीर सिंह के बाहर होते ही किंग खान ने फरहान के सामने रखी ये बड़ी शर्त!
मोहाली पुलिस एक्शन मोड में
धमकी मिलने के तुरंत बाद दिलनूर ने जरा भी देरी नहीं की और 6 जनवरी को ही SSP मोहाली को लिखित शिकायत दे दी. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी है. बी प्राक की सुरक्षा को लेकर भी कड़े कदम उठाए जा रहे हैं, क्योंकि वो न केवल पंजाब बल्कि बॉलीवुड के भी टॉप सिंगर्स में से एक हैं. ‘तेरी मिट्टी’ और ‘फिलहाल’ जैसे सुपरहिट गानों से घर-घर में पहचान बनाने वाले बी प्राक को मिली इस धमकी ने पूरी इंडस्ट्री को सकते में डाल दिया है.
फिलहाल, मोहाली पुलिस उन विदेशी नंबरों और आईपी एड्रेस को ट्रेस करने में जुटी है, जहां से यह धमकी भरा मैसेज भेजा गया था. फैंस भी सिंगर की सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


