Bharat Express DD Free Dish

Hera Pheri 3 Release Date: ‘हेरा फेरी 3’ में फिर दिखेगा बाबूराव का जादू, अक्षय-सुनील के साथ सुपरहिट तिकड़ी तैयार

Hera Pheri 3: तीन हफ्तों की अटकलों के बाद परेश रावल ने पुष्टि की कि वे ‘हेरा फेरी 3’ में बाबूराव का किरदार निभाएंगे. अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी के साथ पुरानी तिकड़ी फिर एकजुट होगी. शूटिंग जनवरी से शुरू होगी.

Hera Pheri 3

Hera Pheri 3 Release Date: तीन हफ्तों की चर्चाओं और अफवाहों के बाद आखिरकार ‘हेरा फेरी 3’ को लेकर फैंस को बड़ी राहत मिली है. मशहूर एक्टर परेश रावल ने साफ कर दिया है कि वे इस कॉमेडी फिल्म में बाबूराव का अपना यादगार किरदार निभाते नजर आएंगे.

हाल ही में एक पॉडकास्ट में परेश रावल ने इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी और बताया कि उनके फिल्म छोड़ने के पीछे कोई झगड़ा या मनमुटाव नहीं था. उन्होंने कहा, “जब कोई प्रोजेक्ट इतना पसंद किया जाता है, तो जिम्मेदारी भी उतनी ही बढ़ जाती है. दर्शकों का प्यार हमें और बेहतर करने की प्रेरणा देता है. मैंने बस यही चाहा कि हम सभी गंभीरता से मेहनत करें. अब सब कुछ सुलझ गया है और हम फिर एक साथ काम करेंगे.”

फिर एकजुट होगी सुपरहिट तिकड़ी

परेश रावल ने इस बात की भी पुष्टि की कि अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी के साथ उनकी शानदार तिकड़ी फिर पर्दे पर लौटने के लिए तैयार है. उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “पहले भी हम साथ थे और अब भी साथ हैं. बस बीच में थोड़ा वक्त लगा खुद को संभालने में. आखिर सभी क्रिएटिव लोग हैं.”

परेश रावल ने अंत में यही कहा कि “हमारी जिम्मेदारी है कि दर्शकों को वही क्वालिटी और मस्ती फिर से दें, जिसके लिए उन्होंने हमें इतना पसंद किया. इस बार भी पूरी टीम पूरी मेहनत से काम करेगी.”

गौरतलब है कि कुछ महीने पहले जब खबरें आई थीं कि परेश रावल ने फिल्म छोड़ दी है, तब उनके और प्रोडक्शन टीम के बीच तनातनी की खबरें भी सामने आई थीं. यहां तक कि अक्षय कुमार की प्रोडक्शन कंपनी ने उनके खिलाफ 25 करोड़ रुपये के हर्जाने का दावा किया था. कहा गया था कि उनके फैसले से फिल्म की तैयारी और शूटिंग को नुकसान पहुंचा.

हालांकि बाद में परेश रावल ने साइनिंग अमाउंट वापस कर दिया और तमाम मुद्दे सुलझ गए. अब वे आधिकारिक तौर पर फिल्म में लौट आए हैं.

‘हेरा फेरी’ सीरीज का सफर

साल 2000 में आई ‘हेरा फेरी’ और 2006 की ‘फिर हेरा फेरी’ भारतीय सिनेमा की सबसे सफल कॉमेडी फिल्मों में गिनी जाती हैं. अक्षय कुमार (राजू), सुनील शेट्टी (श्याम) और परेश रावल (बाबूराव) की तिकड़ी ने लोगों के दिलों में खास जगह बनाई. फैंस लंबे समय से तीसरी किस्त का इंतजार कर रहे थे. अब जब पुरानी स्टारकास्ट फिर से एकजुट हो रही है, तो फिल्म को लेकर उत्साह चरम पर है.

‘हेरा फेरी 3’ का निर्देशन एक बार फिर प्रियदर्शन करेंगे, जिन्होंने पहली फिल्म बनाई थी. फिल्म की शूटिंग अगले साल जनवरी से शुरू होगी.

ये भी पढ़ें: Shefali Jariwala Death: मौत को खबर बनाकर बेच रहे हो…”, आखिर मीडिया पर क्यों भड़क उठे वरुण धवन

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read