Hrithik Roshan Dhurandhar Review: रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना की फिल्म ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ते हुए दर्शकों का दिल जीत लिया है. आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस स्पाई थ्रिलर ने न केवल दर्शकों बल्कि समीक्षकों से भी शानदार प्रतिक्रिया हासिल की है. अब फिल्म का क्रेज बॉलीवुड सितारों तक पहुंच चुका है, जिन्होंने इसे देखकर अपने रिव्यू शेयर किए.
इसी बीच ऋतिक रोशन ने भी फिल्म को देखने के बाद इस पर अपने विचार सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए एक पोस्ट किया. एक्टर के पोस्ट में फिल्म के किरदारों और कहानी की तारीफ तो थी ही लेकिन उन्होंने कुछ ऐसा भी लिखा दिया जो सोशल मीडिया यूजर्स को पसंद नहीं आया.
ऋतिक रोशन का रिव्यू
‘वॉर 2’ के अभिनेता ऋतिक रोशन ने हाल ही में अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर ‘धुरंधर’ का रिव्यू किया. उन्होंने लिखा कि उन्हें सिनेमा बहुत पसंद है और वे उन फिल्मों की कद्र करते हैं, जो कहानी की गहराई तक उतरती हैं और हर सीन पर पूरा नियंत्रण रखती हैं. ऋतिक ने फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले की तारीफ करते हुए कहा, “इसमें दिखाई गई स्टोरीलाइन बेहद मजबूत है. यह सिनेमा का एक बेहतरीन उदाहरण है.”
हालांकि, कुछ सीन पर ऋतिक असहमत दिखे. उन्होंने कहा, “फिल्म में जो राजनीति दिखाई गई है, उससे मैं पूरी तरह सहमत नहीं हूं. एक देश का नागरिक होने के नाते मैं फिल्ममेकर की जिम्मेदारियों पर बहस कर सकता हूं. फिर भी, मैं इसे नजरअंदाज नहीं कर सकता कि इस फिल्म ने मुझे एक सिनेमा स्टूडेंट के तौर पर बहुत कुछ सिखाया. यह वास्तव में अमेजिंग है.”

सिद्धार्थ आनंद और अक्षय खन्ना की परफॉर्मेंस की तारीफ
ऋतिक से पहले ‘फाइटर’ के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद ने ‘धुरंधर’ को एक ऐसा नशा बताया, जो लंबे समय तक लोगों पर असर डालने वाला है. फिल्म में अक्षय खन्ना का अभिनय खासतौर पर दर्शकों को बहुत भा रहा है. उनके द्वारा निभाया गया ‘रहमान डकैत’ का किरदार लोगों के दिलों में अपनी अलग छाप छोड़ गया है.
फिल्म के गाने ‘शरारत’ में अक्षय की परफॉर्मेंस की तुलना बॉबी देओल के जमाल कुडू से की जा रही है. फिल्मकार फराह खान ने उन्हें ‘ऑस्कर’ तक कह डाला. फिल्म रिलीज से पहले विवादों में घिरी थी, लेकिन यही विवाद बॉक्स ऑफिस पर इसे फायदा भी पहुंचा गया.
सबसे चर्चित स्पाई थ्रिलर
‘धुरंधर’ ने साबित कर दिया कि अगर कहानी और परफॉर्मेंस मजबूत हों तो दर्शक और सितारे दोनों ही प्रभावित होते हैं. रणवीर और अक्षय की जोड़ी, आदित्य धर का निर्देशन और सस्पेंस से भरपूर कहानी ने इसे 2025 की सबसे चर्चा में रहने वाली स्पाई थ्रिलर बना दिया है.
ये भी पढ़ें- ‘तुम मेरे राजा…’: हार्दिक पांड्या पर फिदा हुईं माहिका शर्मा, पार्टनर को श्रेय देकर क्रिकेटर ने किया रिश्ते का इजहार
Also Follow Bharat Express on Youtube
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




