Prashant Tamang Death News: मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. इंडियन आइडल सीजन 3 के विनर प्रशांत तमांग का दिल्ली स्थित अपने घर में निधन हो गया. इस खबर के बाद से पूरे इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है. प्रशांत तमांग ने महज 43 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया.
क्या है मौत का कारण?
सिंगर प्रशांत तमांग रविवार 11 जनवरी को अपने दिल्ली वाले घर पर मृत अवस्था में पाए गए. शुरुआती जानकारी में हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अब तक कोई आधिकारिक मेडिकल बयान सामने नहीं आया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें द्वारका के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने प्रशांत को मृत घोषित किया. हाल ही में प्रशांत तमांग अरुणाचल प्रदेश से एक इवेंट कर दिल्ली लौटे थे. उनके निधन की खबर ने हर किसी को हैरान कर दिया.
इंडियन आइडल से मिली पहचान
सिंगर प्रशांत तमांग को इंडियन आइडल सीजन 3 जीतने के बाद, इंडस्ट्री में अपनी एक पहचान मिली. प्रशांत तमांग का जन्म 4 जनवरी, 1983 को पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में हुआ था. उन्होंने कम उम्र में अपने पिता को खो दिया था. परिवार की जिम्मेदारी संभालने के लिए वे कोलकाता पुलिस में कांस्टेबल बने. वे पुलिस ऑर्केस्ट्रा के साथ गाना गाते थे और चुपचाप अपने सपनों को जिंदा रखा, जो आगे चलकर उनके लिए हकीकत बना.
साल 2007 में प्रशांत तमांग की जिंदगी में एक बड़ा मोड़ आया. जब उन्होंने इंडियन आइडल सीजन 3 में हिस्सा लिया. शो जीतने के साथ ही उन्हें इंडस्ट्री में काफी लोकप्रियता और प्यार मिला. यह जीत सिर्फ तमांग की नहीं थी यह उन सभी लोगों की जीत थी जो मुख्यधारा से दूर रहकर तमांग सा सपना देखते है.
ये भी पढ़ें: संत प्रेमानंद जी महाराज के फ्लैट में लगी भीषण आग, सेवादारों की बदसलूकी से ब्रजवासियों में भारी गुस्सा
एक्टर भी थे प्रशांत तमांग
प्रशांत ने प्लेबैक और स्टेज सिंगर के तौर पर अपनी एक पहचान बनाई थी. इसके साथ ही वो एक्टिंग करियर में भी अच्छा काम कर रहे थे. साल 2010 में नेपाली फिल्म ‘गोरखा पल्टन’ से उन्होंने डेब्यू किया, जिसे दर्शकों ने बेहद पसंद किया. बाद में वे ‘आंगालो यो माया को’, ‘किना माया मा’, ‘निशानी’ और ‘परदेसी’ जैसी फिल्मों में नजर आए. हाल के सालों में उन्होंने हिंदी प्रोजेक्ट्स में भी काम किया. पाताल लोक सीजन 2 में उनका किरदार चर्चा में रहा. फिल्ममेकर राजेश घटानी ने कहा, ‘आज जो नेपाली सिंगर बड़े मंचों तक पहुंच रहे हैं, उसका रास्ता प्रशांत ने दिखाया’.
कई संगीतकारों ने दी श्रद्धांजलि
फिल्ममेकर राजेश घाटानी ने प्रशांत के निधन की पुष्टि की है. वहीं दार्जिलिंग के जाने माने सिंगर महेश सेवा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर अपने दोस्त को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने लिखा कि प्यारे भाई प्रशांत के जाने से दिल टूट गया है.
प्रशांत तमांग की मौत की खबर ने उनके परिवार और फैंस का दिल तोड़ दिया है, जो सोशल मीडिया पर उनको अंतिम श्रद्धांजलि दे रहे हैं. तमांग अपने पीछे पत्नी और एक बेटी छोड़ गए है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

