साल 2008 और हर तरफ एक ही गाना “कभी-कभी अदिति जिंदगी में…”, जिसमें नीली आंखों और मासूम चेहरे के साथ एक लड़का बड़े पर्दे पर आता है और रातों-रात नेशनल क्रश बन जाता है. बात हो रही है द परफेक्सट्निस्ट के भांजे इमरान खान की, जिसके नाते उन पर उम्मीदों का भारी बोझ रहा. लेकिन अपनी पहली ही फिल्म ‘जाने तू… या जाने ना’ से उन्होंने साबित कर दिया कि वे यहां सिर्फ नेपोटिज्म की वजह से नहीं, बल्कि अपने टैलेंट के दम पर आए हैं. आज यानी 13 जनवरी को वही चॉकलेटी बॉय अपना जन्मदिन मना रहे हैं.
‘रोमांटिक हीरो’ वाली इमेज
डेब्यू फिल्म की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद इमरान खान को बॉलीवुड का अगला बड़ा रोमांटिक स्टार माना जाने लगा. ‘आई हेट लव स्टोरीज’ और ‘मेरे ब्रदर की दुल्हन’ जैसी फिल्मों ने उनकी ‘चॉकलेटी बॉय’ वाली इमेज को बार बार और मजबूत किया. उस समय रणबीर कपूर और इमरान खान के बीच अक्सर तुलना होती थी. दर्शकों को उनकी नेचुरल एक्टिंग और सादगी पसंद आ रही थी. वहीं, कटरीना कैफ और करीना कपूर जैसी टॉप एक्ट्रेसेस के साथ काम करने के बाद लगा कि इमरान लंबी रेस के घोड़े हैं. लेकिन कहते हैं न कि वक्त हमेशा एक सा नहीं रहता.
क्यों छूटा फिल्मों से दामन
दरअसल, साल 2011 के बाद इमरान का ग्राफ नीचे गिरने लगा. ‘ब्रेक के बाद’, ‘एक मैं और एक तू’ और ‘मटरू की बिजली का मंडोला’ जैसी फिल्मों से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इनका सिक्का नहीं चल पाया. वहीं, साल 2015 में आई ‘कट्टी बट्टी’ उनके करियर की आखिरी बड़ी फिल्म साबित हुई. लगातार फ्लॉप फिल्मों ने उनके करियर पर ब्रेक लगा दिया.
निजी जिंदगी में रहा हलचल
इमरान की जिंदगी सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं रही. उनकी निजी जिंदगी में भी काफी हलचल रही. उन्होंने 2011 में अपनी लॉन्ग-टाइम गर्लफ्रेंड अवंतिका मलिक से बड़े धूमधाम से शादी की थी. लेकिन शादी के 8 साल बाद 2019 में दोनों के अलग होने की खबर ने फैंस को चौंका दिया.
इमरान ने हालिया इंटरव्यूज में बताया कि 2016 के आसपास वे अंदर से टूट चुके थे. उन्होंने बताया कि पिता बनने के बाद उन्हें अहसास हुआ कि वे मानसिक रूप से ठीक नहीं हैं. वे अपनी बेटी इमारा के लिए अपना सबसे अच्छा वर्जन बनना चाहते थे, इसलिए उन्होंने चमक-धमक वाली दुनिया से दूरी बना ली ताकि खुद को और अपनी खुशियों को दोबारा ढूंढ सकें.
डायरेक्टर बनना चाहते थे इमरान
बता दें कि इमरान कभी भी एक्टर नहीं बनना चाहते थे. 2005 में जब वे पढ़ाई पूरी कर लौटे, तो उनका सपना राइटिंग और डायरेक्शन में काम करने का था. उन्होंने एक स्क्रिप्ट भी लिखी थी, लेकिन एक टीवी चैनल ने उसे चुरा लिया. इस धोखे ने उन्हें तोड़ दिया था. इसी दौरान उनकी मुलाकात मशहूर डायरेक्टर अब्बास-मस्तान से हुई और किस्मत उन्हें एक्टिंग की तरफ ले आई, जिसके बाद वो एक रोमांटिक हिरो के तौर पर पसंद किए गए.
ये भी पढ़ें: Sunny Deol के करियर का सबसे सफल साल साबित होगा 2026? इस साल रिलीज़ होंगी उनकी ये फिल्में; साउथ में भी दिखेगा दबदबा
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




