Bharat Bhhagya Vidhata Release Date: कंगना रनौत एक बार फिर चर्चा में हैं और इस बार वजह उनकी कोई राजनीतिक टिप्पणी नहीं बल्कि उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ है. बॉलीवुड की क्वीन और बीजेपी सांसद कंगना ने सोशल मीडिया पर अपनी इस नई फिल्म का फर्स्ट लुक जारी कर दिया है, जिसके साथ ही फिल्म की रिलीज डेट से भी पर्दा उठ गया है.
कामा अस्पताल की वो खौफनाक रात
यह फिल्म 2008 के मुंबई आतंकी हमलों (26/11) की एक ऐसी अनकही कहानी को पर्दे पर लाएगी, जिससे शायद बहुत कम लोग वाकिफ हैं. फिल्म का फोकस दक्षिण मुंबई के ‘कामा अस्पताल’ पर है, जहां आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी. कंगना ने इंस्टाग्राम पर पोस्टर शेयर करते हुए लिखा कि यह उन आम लोगों की असाधारण कहानी है, जिन्होंने डर के आगे घुटने नहीं टेके. जब चारों तरफ मौत का तांडव था, तब कुछ जांबाज नायकों ने अपनी जिम्मेदारी और साहस से कई जानें बचाई थीं.
बॉक्स ऑफिस पर होगा बड़ा मुकाबला
फैंस के लिए सबसे बड़ी खबर ये है कि ‘भारत भाग्य विधाता’ अगले साल यानी 12 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. लेकिन कंगना के लिए यह राह इतनी आसान नहीं होने वाली है. 12 जून को बॉक्स ऑफिस पर महा-मुकाबला देखने को मिलेगा, क्योंकि इसी दिन तीन और बड़ी फिल्में रिलीज हो रही हैं.
इस लिस्ट में पहला नाम है गवर्नर फिल्म का, इसमें दिग्गज अभिनेता मनोज बाजपेयी अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाते दिखेंगे. इसके साथ ही 12 जून को ही दिलजीत दोसांझ की मैं वापस आऊंगा और हॉन्टेड 3D भी रिलीज होने वाली हैं.
फिल्म मैं वापस आऊंगा की बात करें तो इसमें दिलजीत दोसांझ, शरवरी वाघ और वेदांग रैना नजर आने वाले हैं. यह फिल्म युवाओं के बीच काफी क्रेज बना रही है.
वहीं हॉन्टेड 3D: इकोस ऑफ द पास्ट फिल्म हॉरर फिल्मों के शौकीनों के लिए काफी खास होने वाली है. लंबे समय बाद बॉक्स ऑफिस पर कोई डरावनी मूवी देखने को मिलने वाली है.
दमदार स्टार कास्ट
भारत भाग्य विधाता फिल्म में सिर्फ कंगना ही नहीं बल्कि कलाकारों की एक लंबी फौज नजर आएगी. इसमें गिरिजा ओक, स्मिता तांबे, प्रिया बेर्डे और सुहिता थट्टे जैसे मंझे हुए कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि चार फिल्मों की इस भीड़ में दर्शक किसे सिर आंखों पर बिठाते हैं. क्या कंगना की ‘भारत भाग्य विधाता’ बाजी मार ले जाएगी या फिर बाकी फिल्में उन्हें कड़ी टक्कर देंगी?
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


