Bharat Express DD Free Dish

गोविंदा के घर में सबकुछ ठीक! पत्नी सुनीता के पैरों में गिरे भांजे कृष्णा, क्या 14 साल का वनवास हुआ खत्म?

करीब 14 साल से चला आ रहा कृष्णा अभिषेक, कश्मीरा शाह और सुनीता आहूजा के बीच का मनमुटाव अब खत्म होता नजर आ रहा है.

टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में रिश्तों के उतार-चढ़ाव कोई नई बात नहीं, लेकिन कुछ पल ऐसे होते हैं जो दिल को छू जाते हैं. ऐसा ही एक भावुक नज़ारा हाल ही में कॉमेडी शो लाफ्टर शेफ के सेट पर देखने को मिला, जब लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक विवाद आखिरकार खत्म हो गया.

कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक और उनकी पत्नी कश्मीरा शाह का अपनी मामी, यानी गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा के साथ करीब 14 साल से मनमुटाव चल रहा था. लेकिन अब इस रिश्ते में फिर से मिठास लौटती दिखी है.

अचानक एंट्री ने सबको किया हैरान

शो के एक प्रोमो में दिखाया गया कि जैसे ही सुनीता आहूजा सेट पर पहुंचती हैं और जोर से कृष्णा का नाम पुकारती हैं, वहां मौजूद सभी लोग चौंक जाते हैं. कृष्णा और कश्मीरा दोनों कुछ पल के लिए सन्न रह जाते हैं, लेकिन फिर तुरंत आगे बढ़कर उनसे मिलते हैं.

सबसे ज्यादा भावुक पल तब आया, जब कृष्णा ने अपनी मामी के पैर छुए और दंडवत प्रणाम किया. ये देखकर कश्मीरा भी खुद को संभाल नहीं पाईं और उनकी आंखें नम हो गईं. सेट पर मौजूद बाकी लोग इस सीन को देखकर तालियां बजाने लगे और खुशी जाहिर करने लगे.

इस वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने भी अपनी खुशी जाहिर की. किसी ने लिखा कि अगर इस मौके पर गोविंदा भी मौजूद होते, तो ये पल और भी खास हो जाता. वहीं कई लोगों ने कहा कि कृष्णा के चेहरे की मुस्कान ही बता रही है कि वो इस मिलन से कितने खुश हैं. इससे पहले भी तीनों को पैपराजी के सामने गले मिलते देखा गया था. उस वक्त सुनीता ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि ’14 साल का वनवास आज खत्म हुआ.’

इस पर कृष्णा हंस पड़े थे, जबकि कश्मीरा ने भी हंसी-मजाक में माहौल हल्का कर दिया था.

कैसे शुरू हुआ था विवाद?

दरअसल, कृष्णा और गोविंदा के बीच खटास तब आई थी जब गोविंदा को कृष्णा के कुछ कॉमेडी एक्ट पसंद नहीं आए. इसके बाद बात बढ़ती गई और सुनीता भी इस विवाद में शामिल हो गईं. कश्मीरा के एक पुराने ट्वीट ने भी आग में घी डालने का काम किया, जिसे सुनीता ने गोविंदा से जोड़कर देखा था.

हालांकि हाल ही में जब गोविंदा के पैर में गलती से गोली लग गई थी, तब कृष्णा और कश्मीरा उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे. यहीं से रिश्तों में सुधार की शुरुआत मानी जा रही थी.

ये भी पढ़ें: VIDEO में नमाज के फायदे बताने पर ट्रोल हुईं नमिता थापर, सोशल मीडिया यूजर्स ने धिक्‍कारा; जानें जवाब में क्‍या कहा

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read