आपने मधु सप्रे का नाम सुना है, वे 90 के दशक में भारत की मॉडलिंग और ग्लैमर की दुनिया का चमकता नाम थीं. 1992 में मिस इंडिया का खिताब जीतने के बाद उन्होंने मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया और दूसरी रनर-अप रहीं. उनकी खूबसूरती, स्टाइल और साहस ने उन्हें मॉडलिंग की दुनिया में अलग पहचान दिलाई. लेकिन एक विज्ञापन ने उनके करियर और जीवन को हमेशा के लिए बदल दिया.
विवादास्पद टफ शूज विज्ञापन
मधु सप्रे का नाम तब सबसे ज्यादा सुर्खियों में आया, जब उन्होंने अपने तत्कालीन बॉयफ्रेंड और मॉडल मिलिंद सोमन के साथ फीनिक्स के टफ शूज के लिए एक बोल्ड फोटोशूट कराया. इस विज्ञापन में दोनों ने सिर्फ जूते पहने थे और उनके शरीर पर एक अजगर लिपटा हुआ था.
1995 में यह फोटोशूट उस समय के भारतीय समाज में अश्लील माना गया, जिसके चलते भारी विवाद खड़ा हुआ. मुंबई पुलिस ने मधु और मिलिंद के खिलाफ अश्लीलता का केस दर्ज किया, साथ ही वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अजगर के अवैध उपयोग के लिए भी मामला दर्ज हुआ.

14 साल तक चली कानूनी जंग
यह मामला 14 साल तक कोर्ट में चला, जिसमें मधु, मिलिंद, विज्ञापन एजेंसी, फोटोग्राफर और मैगजीन प्रकाशकों को भी आरोपी बनाया गया. इस दौरान मधु को सामाजिक और पेशेवर चुनौतियों का सामना करना पड़ा. 2009 में कोर्ट ने सभी आरोपियों को बरी कर दिया, लेकिन इस विवाद ने मधु के करियर पर गहरा असर डाला. मधु ने एक इंटरव्यू में कहा, “यह मेरे करियर का हिस्सा था, इसमें कुछ भी गलत नहीं था.” इस केस ने भारत में ग्लैमर और बोल्डनेस पर नई बहस छेड़ दी.

एथलीट से मॉडलिंग तक का सफर
14 जुलाई 1971 को नागपुर में जन्मी मधु बचपन में एथलीट बनना चाहती थीं. उनके पिता उनके कोच थे, जिन्होंने उन्हें कठिन प्रशिक्षण दिया. मशहूर फोटोग्राफर गौतम राज्याध्यक्ष ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और मॉडलिंग में आने की सलाह दी. 19 साल की उम्र में मधु ने मॉडलिंग शुरू की और 1992 में मिस इंडिया का ताज जीता. मिस यूनिवर्स में उनकी उपलब्धि ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्धि दिलाई.
बॉलीवुड और मधु का नया जीवन
मधु ने 2003 में फिल्म ‘बूम’ में अमिताभ बच्चन और कटरीना कैफ के साथ काम किया, लेकिन यह उनकी इकलौती फिल्म रही. विवादों के बाद मधु ने 2001 में इटली के बिजनेसमैन जियान मारिया से शादी की और इटली के रिचोने में बस गईं. अब वह अपनी बेटी इंदिरा के साथ शांत और सुखी जीवन जी रही हैं.
(न्यूज एजेंसी IANS से साभार)
यह भी पढ़िए: ‘बा’ से बनीं हर दिल की धड़कन, सुधा शिवपुरी को एकता कपूर ने दिया था ‘Walking Emotion’ का टैग
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



