Bharat Express DD Free Dish

43 साल बाद बड़े पर्दे पर ‘बटोहिया’ की वापसी, पटना में होगी ‘नदिया के पार’ की स्पेशल स्क्रीनिंग

1982 की सुपरहिट फिल्म ‘नदिया के पार’ एक बार फिर पटना के बड़े पर्दे पर वापसी कर रही है. युवाओं को बिहार की कला-संस्कृति से जोड़ने के लिए यह खास स्क्रीनिंग रखी गई है.

“कौन दिशा में लेके चला रे बटोहिया…” और “तंग करने का तोसे नाता है गुज़रिया…” जैसे मधुर गीतों से सजी फिल्म ‘नदिया के पार’ आज भी लोगों की पसंदीदा फिल्मों में से एक है. साल 1982 में रिलीज हुई यह फिल्म ग्रामीण परिवेश और सादगी की एक मिसाल मानी जाती है. अब इस फिल्म के चाहने वालों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. यह क्लासिक फिल्म एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने के लिए तैयार है.

पटना के रीजेंट सिनेमा में विशेष आयोजन

बिहार स्टेट फिल्म डेवलपमेंट एंड फाइनेंस कॉर्पोरेशन ने एक विशेष कार्यक्रम के तहत पटना में इस बॉलीवुड फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग करने का फैसला किया है. यह स्क्रीनिंग पटना के मशहूर गांधी मैदान के पास स्थित ‘रीजेंट सिनेमा कैंपस’ के ‘हाउस ऑफ वैरायटी’ में आयोजित की जाएगी. फिल्म को एक बार फिर थिएटर में देखने के अहसास को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है.

युवाओं को संस्कृति से जोड़ने की पहल

इस स्क्रीनिंग का मुख्य उद्देश्य आज की युवा पीढ़ी को अपनी कला, संस्कृति और जड़ों से रूबरू कराना है. सरकार का मानना है कि ‘नदिया के पार’ जैसी फिल्में न केवल मनोरंजन करती हैं, बल्कि हमारे समाज के पारंपरिक मूल्यों और लोक संस्कृति को भी खूबसूरती से दर्शाती हैं. इसी के जरिए युवाओं को सिनेमा के सुनहरे दौर और बिहार की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है.

जल्द घोषित होगी तारीख

हालांकि, फिल्म की स्क्रीनिंग को लेकर तैयारी पूरी हो चुकी है, लेकिन अभी इसकी सटीक तारीख (Date) का ऐलान होना बाकी है. जल्द ही बिहार स्टेट फिल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन इसकी आधिकारिक घोषणा करेगा. जो लोग इस फिल्म को टीवी या मोबाइल के बजाय सिनेमा हॉल के बड़े पर्दे पर देखने का अनुभव लेना चाहते हैं, उन्हें बस थोड़ा और इंतजार करना होगा.

ये भी पढ़ें: पूजा के साथ शुरू हुई ‘मां वंदे’ की शूटिंग, पीएम मोदी के जीवन पर आधारित है फिल्म

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read