Bharat Express DD Free Dish

‘पवन सिंह को स्टेज पर थप्पड़ मारना चाहिए था’, हरियाणवी एक्ट्रेस विवाद में महिला आयोग ने पवन सिंह को किया तलब, 2 अप्रैल को सुनवाई

Pawan Singh Anjali Raghav controversy: भोजपुरी स्टार पवन सिंह पर हरियाणवी एक्ट्रेस अंजलि राघव ने गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने महिला आयोग को शिकायत भेजी है कि स्टेज पर उनकी अनुमति के बिना वीडियो बनाया गया.

Pawan Singh Anjali Raghav controversy: भोजपुरी फिल्मों के पावर स्टार पवन सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. हरियाणवी एक्ट्रेस अंजलि राघव ने उनके खिलाफ हरियाणा महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई है. आरोप है कि स्टेज पर उनकी अनुमति के बिना वीडियो बनाया गया और बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर उन्हें बदनाम किया गया.

आयोग को भेजे सबूत

अंजलि ने ई-मेल के जरिए महिला आयोग को इस मामले से जुड़े सबूत भी भेजे हैं. उनका कहना है कि इस घटना के बाद उन्हें मानसिक तनाव और सामाजिक अपमान का सामना करना पड़ा.

समझौते के बाद भी विवाद

एक्ट्रेस ने बताया कि पहले यह मामला आपसी समझौते से सुलझा लिया गया था, लेकिन बाद में उनके खिलाफ फर्जी और आपत्तिजनक पोस्ट फैलाए गए. इससे उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई.

महिला आयोग की प्रतिक्रिया

महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने कहा कि शिकायत हमारे पास आई है. यह घटना करीब चार महीने पुरानी है. अंजलि ने बताया कि उन्हें लगा उनके कपड़े पर टैग लगा है, जिसे हटाने की कोशिश की जा रही थी. रेनू भाटिया ने कहा कि ऐसी स्थिति में एक्ट्रेस को थप्पड़ मारना चाहिए था. आयोग ने दोनों कलाकारों को 2 अप्रैल को फरीदाबाद में सुनवाई के लिए बुलाया है.

पीआर टीम पर आरोप

अंजलि ने आरोप लगाया कि पवन सिंह की पीआर टीम ने उन्हें लगातार धमकियां दीं. कहा गया कि उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया जाएगा और उन्हें बदनाम किया जाएगा. उनके खिलाफ कई फर्जी पोस्ट और झूठी खबरें फैलाई गईं.

मानसिक तनाव और बहिष्कार

अंजलि का कहना है कि इन घटनाओं से उन्हें मानसिक पीड़ा हुई और सामाजिक अपमान झेलना पड़ा. इसका असर उनके काम पर भी पड़ा. दिल्ली रामलीला में वह लंबे समय से माता सीता का किरदार निभा रही थीं, लेकिन यह रोल उनसे छीन लिया गया. यह किरदार उनकी दिवंगत मां की अंतिम इच्छा से जुड़ा था. कुछ लोगों ने उनका और परिवार का बहिष्कार किया, जिससे वह अवसाद की स्थिति में पहुंच गईं.

साइबर पुलिस से शिकायत

अंजलि ने बताया कि उन्होंने इंस्टाग्राम अकाउंट्स और मीडिया प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ साइबर पुलिस दिल्ली में शिकायत दी थी, लेकिन अब तक आपत्तिजनक सामग्री हटाई नहीं गई. उन्होंने आयोग से मांग की है कि फर्जी पोस्ट और झूठे इंटरव्यू तुरंत हटवाए जाएं और संबंधित लोगों से सार्वजनिक माफी दिलवाई जाए.

ये भी पढ़ें-इतिहास का सबसे बदनाम चेहरा! धुरंधर 2 में जिस Rasputin का जिक्र है, उसकी हकीकत जान उड़ जाएंगे आपके होश

पूरी घटना की टाइमलाइन

  • 29 अगस्त 2025: लखनऊ में एक म्यूजिक शो के दौरान पवन सिंह ने स्टेज पर अंजलि की कमर पर हाथ रखा, जो कैमरे में कैद हो गया.
  • 30 अगस्त सुबह: वीडियो वायरल हुआ. अंजलि ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि वह मानसिक रूप से परेशान हैं और भोजपुरी इंडस्ट्री छोड़ने की घोषणा कर दी.
  • 30 अगस्त शाम: सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग शुरू हुई. पुराने गानों की क्लिप्स शेयर कर उन्हें पोर्न स्टार तक कहा गया.
  • 31 अगस्त सुबह: पवन सिंह ने इंस्टाग्राम पर माफी मांगी. लिखा कि उनका इरादा गलत नहीं था.
  • 31 अगस्त दोपहर: अंजलि ने माफी स्वीकार की, लेकिन बाद में पीआर टीम ने उन पर दबाव डाला कि पोस्ट में “गलती मानी” की जगह सिर्फ “थैंक यू” लिखें.
  • 1-2 सितंबर: 20 से ज्यादा इंस्टाग्राम आईडी से लगातार मीम्स और वीडियो शेयर कर अंजलि को ट्रोल किया गया.
  • 3 सितंबर: अंजलि दिल्ली पुलिस और साइबर सेल के पास पहुंचीं और 20 से ज्यादा आईडी की जानकारी दी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read