Bharat Express DD Free Dish

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर उनकी जीवनी पर आधारित फिल्म की घोषणा, जानें कब और कहां रिलीज होगी यह फिल्म?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर उनकी जिंदगी पर आधारित फिल्म ‘मा वंदे’ की घोषणा हुई है. मलयालम स्टार उन्नी मुकुंदन इस बायोपिक में मोदी का किरदार निभाएंगे.

PM Modi Biopic, Maa Vande Movie, Narendra Modi Film

PM Modi Biopic: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के खास मौके पर एक बड़े सिनेमाई प्रोजेक्ट का ऐलान हुआ है. सिल्वर कास्ट क्रिएशंस ने घोषणा की है कि वह ‘मा वंदे’ नाम की बायोपिक लेकर आ रहे हैं, जो नरेंद्र मोदी के जीवन सफर को बड़े पर्दे पर उतारेगी.

यह फिल्म न सिर्फ उनके राजनीतिक जीवन की झलक दिखाएगी, बल्कि उनकी मां हीराबेन मोदी के साथ गहरे रिश्ते को भी सामने लाएगी, जिन्होंने हमेशा उन्हें प्रेरित किया.

उन्नी मुकुंदन बने नरेंद्र मोदी

फिल्म में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका मलयालम अभिनेता उन्नी मुकुंदन निभाएंगे. उन्नी ने हाल ही में अपनी फिल्म मार्को से देशभर में लोकप्रियता हासिल की थी. निर्माता वीर रेड्डी एम. ने इस भव्य प्रोजेक्ट की कमान संभाली है.

‘मा वंदे’ का निर्देशन क्रांति कुमार CH कर रहे हैं. टीम का दावा है कि फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीक, शानदार VFX और भव्य प्रोडक्शन डिज़ाइन के साथ पेश किया जाएगा. सिनेमाई दुनिया के कई बड़े नाम इस प्रोजेक्ट से जुड़े हैं.

बेहतरीन तकनीकी टीम

फिल्म के सिनेमैटोग्राफर होंगे केके सेंथिल कुमार, जिन्होंने बाहुबली और ईगा जैसी फिल्मों में कैमरे का जादू दिखाया था. एडिटिंग का जिम्मा राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता श्रीकर प्रसाद संभालेंगे. प्रोडक्शन डिज़ाइन का कार्य साबू सिरिल करेंगे, जबकि ऐक्शन की कोरियोग्राफी किंग सोलोमन करेंगे. संगीत की धुनें देंगे रवि बस्रूर, जो KGF और सालार जैसे ब्लॉकबस्टर म्यूजिक के लिए जाने जाते हैं.

कब रिलीज होगी ‘मा वंदे’?

फिल्म को पैन-इंडिया स्तर पर रिलीज़ किया जाएगा. इसे हिंदी समेत तमिल, तेलुगु, मलयालम और अंग्रेज़ी में भी पेश किया जाएगा. हालांकि रिलीज डेट का ऐलान अभी बाकी है. मेकर्स का कहना है कि यह फिल्म दर्शकों को एक ऐसा सिनेमाई अनुभव देगी, जो उन्हें नरेंद्र मोदी के प्रेरक जीवन और नेतृत्व की गहराई तक ले जाएगा.

ये भी पढ़ें- 118 करोड़ में पेंटिंग बेचकर भारतीय चित्रकार ने रचा इतिहास, जाने कौन है वो?

सिनेमा जगत से शुभकामनाएँ

पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन पर फिल्म जगत की कई हस्तियों ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें शुभकामनाएँ दीं. दक्षिण भारतीय सिनेमा के बड़े नाम जैसे रजनीकांत, मोहनलाल, पवन कल्याण, कमल हासन और जूनियर NTR ने भी अपने संदेश साझा किए और प्रधानमंत्री के लंबे जीवन और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read