संजय कपूर की पत्नी प्रिया कपूर
दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव कपूर ने अपनी ननद मंधीरा कपूर स्मिथ के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है. प्रिया ने दिल्ली हाईकोर्ट में सिविल मानहानि का मुकदमा दायर किया है. उन्होंने 20 करोड़ रुपये का हर्जाना मांगा है. प्रिया का आरोप है कि मंधीरा ने एक पॉडकास्ट में दिए बयानों से उनकी इज्जत को ठेस पहुंचाई है. इन बयानों से उन्हें सामाजिक अपमान और मानसिक परेशानी हुई है. प्रिया ने पॉडकास्ट होस्ट पूजा चौधरी के खिलाफ भी केस में नाम लिया है.
संजय कपूर की संपत्ति विवाद से जुड़ा मामला
प्रिया कपूर का कहना है कि मंधीरा ने पॉडकास्ट, इंटरव्यू और सोशल मीडिया पर गलत बातें कही हैं. इनमें प्रिया पर बेईमानी, अनैतिकता और अन्य गंभीर आरोप लगाए गए हैं. इससे उनकी सामाजिक छवि खराब हुई है. प्रिया ने अदालत से मांग की है कि ऐसे बयान आगे न दिए जाएं. साथ ही विवादित सामग्री हटाई जाए. यह केस संजय कपूर की संपत्ति विवाद से जुड़ा हुआ लगता है.
30 हजार करोड़ की संपत्ति पर लंबा विवाद
संजय कपूर की करीब 30 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति पर परिवार में लंबा विवाद चल रहा है. उनकी दूसरी पत्नी करिश्मा कपूर के बच्चे कियान और समायरा प्रिया के खिलाफ अदालत में हैं. बच्चे दावा करते हैं कि संजय की वसीयत नकली है. प्रिया कहती हैं कि संजय ने 2025 की वसीयत में ज्यादातर संपत्ति उन्हें दी है. संजय की मां रानी कपूर भी इस वसीयत पर सवाल उठा चुकी हैं. हाल ही में दिल्ली हाईकोर्ट ने परिवार से कहा था कि वे आपस में बात करके मामला सुलझाएं.
पहले बच्चों का मैटर, अब ननद-भाभी की रार
प्रिया कपूर का यह नया केस परिवार के झगड़े में एक और मोड़ लाया है. पहले करिश्मा के बच्चों का केस चल रहा था. अब ननद-भाभी की जंग भी कोर्ट पहुंच गई है. यह विवाद लंबा खिंच सकता है. परिवार के सदस्यों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

