Bharat Express DD Free Dish

“Pyre” बनी जर्मनी में भारत की नई स्टार, जीता प्रतिष्ठित ‘German Star of India’ अवॉर्ड, फिल्म को लगातार मिल रही अंतरराष्ट्रीय सराहना

भारतीय फिल्म “Pyre” ने Indian Film Festival Stuttgart 2025 में Grand Jury Best Feature Film Award जीतकर इतिहास रच दिया है. यह बुज़ुर्ग दंपति की दिल छू लेने वाली कहानी है, जो अंतरराष्ट्रीय मंचों पर दर्शकों का दिल जीत रही है.

Pyre film

Pyre Film: भारतीय फिल्म “Pyre” (Pyre Film)  ने जर्मनी के Indian Film Festival Stuttgart 2025 में सबसे बड़ा सम्मान Grand Jury Best Feature Film Award (German Star of India Award) जीतकर इतिहास रच दिया है. यह पिछले एक हफ्ते में फिल्म का पांचवां अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड है, जिनमें से तीन अवॉर्ड्स ऑडियंस चॉइस बेस्ट फिल्म के रूप में मिले हैं.

लगातार मिल रही अंतरराष्ट्रीय वाहवाही (Pyre Film)

विनोद कापड़ी द्वारा निर्देशित Pyre इन दिनों अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवलों में धूम मचा रही है. यह विजयी अभियान 19 जुलाई को स्पेन में 22वें एशियन समर फिल्म फेस्टिवल से शुरू हुआ, जहां फिल्म को ऑडियंस बेस्ट फिल्म और जूरी स्पेशल मेंशन बेस्ट फिल्म जैसे दो सम्मान मिले। इसके तीन दिन बाद ही 22 जुलाई को फिल्म का UK प्रीमियर लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल में हुआ, जिसके बाद बर्मिंघम में स्क्रीनिंग हुई और दोनों जगह Pyre को ऑडियंस चॉइस अवॉर्ड से नवाज़ा गया.

26 जुलाई को फिल्म ने जर्मनी में की धमाकेदार एंट्री

26 जुलाई को फिल्म ने जर्मनी के Indian Film Festival Stuttgart में धमाकेदार एंट्री की और “German Star of India Award” जीतकर एक और बड़ा मुकाम हासिल किया. अगस्त में Pyre अब ऑस्ट्रेलिया में Indian Film Festival of Melbourne में प्रदर्शित होने जा रही है.

दिल छू लेने वाली कहानी (Pyre Film)

फिल्म की कहानी एक बुज़ुर्ग दंपति पदम और तुलसी की है, जो हिमालय के एक वीरान होते गांव में अकेले रह गए हैं, क्योंकि बाकी परिवार शहरों में बस चुका है. वे सोचते हैं कि उनकी मृत्यु के बाद उनके अंतिम संस्कार कौन करेगा. इसी बीच, 30 साल बाद उनके बेटे का एक पत्र आता है जो उनके जीवन में उम्मीद की एक नई किरण जगाता है. इस फिल्म की खास बात है कि इसमें कोई प्रोफेशनल अभिनेता नहीं हैं. 80 वर्षीय पदम सिंह और 70 वर्षीय हीरा देवी जैसे स्थानीय लोग फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, जो इसे और अधिक सच्चा और संवेदनशील बनाता है.

ये भी पढ़ें: Sunny Deol ने की दलाई लामा से मुलाकात, कहा- ‘उनके आशीर्वाद से मिला मन को सुकून’

अंतरराष्ट्रीय टीम और सम्मान

फिल्म के संगीत में भी बड़ा नाम जुड़ा है — ऑस्कर विजेता मायकल डैना, जिन्होंने अमृता वाज के साथ मिलकर इसका बैकग्राउंड स्कोर तैयार किया है. संपादन में जर्मन एडिटर पैट्रिशिया रोमल और शुभजीत सिंघा ने सहयोग किया है, जबकि गीतों को मशहूर गीतकार गुलज़ार ने लिखा है. फिल्म का निर्माण विनोद कापड़ी और साक्षी जोशी ने किया है.

Pyre का वर्ल्ड प्रीमियर

Pyre का वर्ल्ड प्रीमियर Tallinn Black Nights International Film Festival (नवंबर 2024) में हुआ था, जहां इसे Audience Choice Best Film का अवॉर्ड मिला. यह इस प्रतिष्ठित फेस्टिवल के ऑफिशियल कॉम्पिटिशन सेक्शन में चुनी गई एकमात्र भारतीय फिल्म थी. इसके बाद Pyre ने भारत में बेंगलुरु इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2025 की ओपनिंग फिल्म के तौर पर प्रीमियर किया और Asian Cinema Competition में जूरी स्पेशल मेंशन अवॉर्ड भी हासिल किया.

इसके अलावा फिल्म की बेल्जियम स्क्रीनिंग 12वें MOOOV Film Festival में और 25वें न्यूयॉर्क इंडियन फिल्म फेस्टिवल में नॉर्थ अमेरिकन प्रीमियर हुआ, जहां इसके दोनों लीड एक्टर्स को बेस्ट एक्टर और एक्ट्रेस के लिए नामांकित किया गया. “Pyre” एक सच्ची और संवेदनशील कहानी का नाम है, जो न सिर्फ भारत की आत्मा को छूती है, बल्कि दुनिया भर के दर्शकों का दिल भी जीत रही है.

Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read